मणिपुर के हालात की चिंता के कारण राहुल ने ‘न्याय यात्रा’ शुरू करने के लिए राज्य को चुना

डीएन ब्यूरो

कांग्रेस प्रवक्ता महिमा सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति पर चिंता के कारण ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू करने के लिए इस राज्य को चुना है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

‘न्याय यात्रा’ शुरू करने के लिए मणिपुर चुना
‘न्याय यात्रा’ शुरू करने के लिए मणिपुर चुना


गुवाहाटी: कांग्रेस प्रवक्ता महिमा सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति पर चिंता के कारण ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू करने के लिए इस राज्य को चुना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को लोगों की समस्याओं की कोई परवाह नहीं है और वह केवल सुर्खियों में बने रहने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

‘न्याय यात्रा’ के लिए असम में संचार और मीडिया समन्वय की प्रभारी सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा, जहां भी सत्ता में है, सुर्खियों में बने रहने को लेकर चिंतित है और जनता के मुद्दों को दरकिनार कर दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर को देखें, स्थिति अस्थिर बनी हुई है। राहुल गांधी उन चुनिंदा राष्ट्रीय नेताओं में से हैं, जो वहां गए और समय बिताया। यही कारण है कि उन्होंने इस यात्रा को शुरू करने के लिए मणिपुर को चुना है।’’

पिछले साल मई से मणिपुर में कुकी और मेइती समुदायों के बीच जातीय संघर्ष के कारण 180 से अधिक लोग मारे गए हैं और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

राहुल गांधी के नेतृत्व वाली यात्रा मणिपुर से महाराष्ट्र तक का सफर तय करेगी। यह यात्रा 14 जनवरी को शुरू होगी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार यह पूछे जाने पर कि यात्रा के माध्यम से कांग्रेस क्या हासिल करना चाहती है, सिंह ने कहा, ‘‘लक्ष्य केवल चुनाव नहीं है। इसका मकसद संविधान और लोकतंत्र को बचाना है।’’










संबंधित समाचार