हिंदी
फतेहपुर: फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ में चकसकरन से दुकान बंद कर लौट रहे एक कपड़ा व्यापारी की डंपर की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी रज्जन लाल उर्फ राजू (42) पुत्र रामौतार का मुख्य पेशा किसानी था, लेकिन वह कपड़ों की दुकान भी चलाते थे। सोमवार रात वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह बरौहा के पास पहुंचे, तभी गिट्टी से लदा एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजू की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही ललौली थाना व गाजीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डंपर को जब्त कर लिया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी नीलम देवी, बेटा शिवम (18), बेटी रोशनी (15) और शुभम (13) का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है।
Published : 29 March 2025, 8:09 AM IST
Topics : Accident Accident in Fatehpur Big News Fatehpur Fatehpur Police Road Accident UP News UP Police uttar pradesh