हिंदी
टीम इंडिया के कोच पद को लक्ष्मण ने क्यों मारा ठोकर? (Img- Pinterest)
Bengaluru: भारतीय क्रिकेट टीम का हेड कोच बनना हर पूर्व खिलाड़ी का सपना होता है, लेकिन दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने इस पद को एक नहीं बल्कि दो-दो बार ठुकराया। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में संवाददाताओं से बात करते हुए लक्ष्मण ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। लक्ष्मण ने बताया कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद उन्हें टीम इंडिया के मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी जा रही थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया था।
लक्ष्मण ने खुलासा किया कि 2023 में जब बीसीसीआई ने उनसे मुख्य कोच पद के लिए संपर्क किया, तो उन्होंने तत्कालीन सचिव जय शाह से दो बार मुलाकात की थी। लक्ष्मण ने अपनी पारिवारिक और निजी परिस्थितियों का हवाला दिया, जिसे जय शाह ने भी समझा। लक्ष्मण के इनकार के बाद ही राहुल द्रविड़ के कार्यकाल को 2024 टी-20 वर्ल्ड कप तक बढ़ाया गया, जिसमें भारत ने खिताबी जीत दर्ज की।
राहुल द्रविड़ का कार्यकाल खत्म होने से ठीक पहले, मई 2024 में बीसीसीआई ने एक बार फिर लक्ष्मण का दरवाजा खटखटाया। लेकिन लक्ष्मण अपने फैसले पर कायम रहे। इसके बाद ही पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को टीम इंडिया का नया हेड कोच नियुक्त किया गया। हालांकि, इस दौरान लक्ष्मण आवश्यकता पड़ने पर जिम्बाब्वे दौरे जैसे मौकों पर अंतरिम कोच के रूप में भारतीय टीम का मार्गदर्शन करते रहे।
हाल के दिनों में चर्चा थी कि गौतम गंभीर के प्रदर्शन और टीम के टेस्ट नतीजों के बीच लक्ष्मण को मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की जगह लाया जा सकता है। लेकिन लक्ष्मण ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह न तो ड्रेसिंग रूम में वापसी कर रहे हैं और न ही चयन समिति में जा रहे हैं।
भारत के सबसे अमीर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, जबकि यूपी के सुरेश रैना, जानिये धोनी-कोहली का क्या स्थान
लक्ष्मण ने बताया कि उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख के रूप में अपना कार्यकाल 2 वर्षों के लिए बढ़ा लिया है। उन्होंने कहा, "जय शाह और वर्तमान सचिव देवजीत सैकिया ने मुझे काम करने की पूरी आजादी दी है। मैंने बीसीसीआई को वचन दिया है कि मैं फिलहाल हेड कोच का पद नहीं संभालूंगा। मेरा एकमात्र लक्ष्य अगले दो सालों में CoE की संरचना, प्रक्रियाओं और एसओपी को मजबूत बनाकर एक विश्वस्तरीय व्यवस्था स्थापित करना है।"
Location : New Delhi
Published : 10 August 2026, 3:40 PM IST
Topics : BCCI Cricket News indian cricket Team India VVS Laxman