

भारत की 17 वर्षीय भारोत्तोलक कोयल बार ने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप 2025 में महिलाओं की 53 किग्रा स्पर्धा में दो युवा विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए युवा और जूनियर दोनों वर्गों का खिताब जीता। इसके अलावा बिंदियारानी देवी और मुथुपंडी राजा ने भी रजत पदक अपने नाम किए।
कोयल बार (Img: Internet)
Ahmedabad: भारत की उभरती हुई भारोत्तोलक कोयल बार ने मंगलवार को अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025 में इतिहास रच दिया। महज 17 वर्ष की उम्र में कोयल ने महिलाओं की 53 किलोग्राम स्पर्धा में दो नए युवा विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए युवा और जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 192 किग्रा (85 किग्रा स्नैच + 107 किग्रा क्लीन एंड जर्क) भार उठाकर सबको चौंका दिया।
राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025 में कोयल ने पहले 85 किलोग्राम उठाकर युवा स्नैच विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की, और फिर क्लीन एंड जर्क में 107 किग्रा उठाकर 105 किग्रा के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने कुल वजन में 188 किग्रा के युवा विश्व रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
कोयल का यह प्रदर्शन उनकी सीनियर हमवतन स्नेहा सोरेन से भी बेहतर रहा, जिन्होंने इसी वर्ग में 185 किग्रा (81 किग्रा स्नैच + 104 किग्रा क्लीन एंड जर्क) के साथ रजत पदक जीता। कोयल ने तीन किलोग्राम अधिक भार उठाकर यह दिखा दिया कि वह भविष्य की एक बड़ी स्टार हैं। उनकी जीत ने पूरे भारतीय दल का ध्यान अपनी ओर खींचा।
🚨 THIS IS REALLY MASSIVE FOLKS! 🤩🔥
INDIA'S KOYEL BAR HAS SET A NEW YOUTH TOTAL AND CLEAN & JERK WORLD RECORD 🏋️
She clinched Gold Medal in Women's 53kg
Youth and Jr Category at Commonwealth C'shipSnatch(85) + C&J (107) = Total (192 Kg) 💥 pic.twitter.com/2qD1L5MwTo
— The Khel India (@TheKhelIndia) August 26, 2025
महिलाओं की 58 किग्रा भार वर्ग में भारत की अनुभवी खिलाड़ी बिंदियारानी देवी ने 206 किग्रा (91 किग्रा + 115 किग्रा) भार उठाकर रजत पदक जीता। स्नैच में उन्होंने क्रमश: 85 किग्रा, 88 किग्रा और 91 किग्रा सफलतापूर्वक उठाए, जबकि क्लीन एंड जर्क में 110 किग्रा और 115 किग्रा का प्रयास सफल रहा। हालांकि वह 122 किग्रा के तीसरे प्रयास में चूक गईं, जिससे स्वर्ण पदक उनसे दूर चला गया। ऑस्ट्रेलिया की कियाना इलियट ने 212 किग्रा (100+112 किग्रा) के साथ पहला स्थान हासिल किया।
बिंदियारानी इससे पहले 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 55 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीत चुकी हैं और 2019 में स्वर्ण, 2021 में रजत जीतकर भारत का गौरव बढ़ा चुकी हैं।
पुरुष 65 किग्रा वर्ग में भारत के मुथुपंडी राजा ने 296 किग्रा (128 किग्रा स्नैच + 168 किग्रा क्लीन एंड जर्क) उठाकर रजत पदक जीता। वह महज़ 1 किग्रा से स्वर्ण पदक चूक गए। मलेशिया के मुहम्मद अजनील बिन बिदिन ने 297 किग्रा के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, जबकि पापुआ न्यू गिनी के मोरिया बारू ने 292 किग्रा भार उठाकर कांस्य पदक जीता।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के 30वें संस्करण में 31 देशों के 300 से अधिक भारोत्तोलक हिस्सा ले रहे हैं। भारत की मीराबाई चानू ने सोमवार को 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल भारत को टूर्नामेंट में जीत दिलाई, बल्कि अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी क्वालीफाई किया।