हिंदी
आज मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला (image source: google)
New Delhi: आईपीएल में आज सोमवार को होने वाला मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, जहां मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगी। यह मैच मुंबई के मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला किसी फाइनल से कम नहीं है, क्योंकि हारने वाली टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो सकती है।
मुंबई और लखनऊ दोनों के पास फिलहाल 8-8 अंक हैं। ऐसे में जीत हासिल करने वाली टीम अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करेगी। खास बात यह है कि इस सीजन में दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मुंबई को मिल सकता है, लेकिन लखनऊ का रिकॉर्ड मुंबई के खिलाफ मजबूत रहा है।
अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 6 मैच जीते हैं, जबकि मुंबई इंडियंस को सिर्फ 2 जीत मिली हैं। वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच तीन मैच हुए हैं, जिनमें से दो बार लखनऊ ने जीत दर्ज की है।
IPL 2026: CSK से हार के बाद हार्दिक पांड्या का बड़ा बयान, कहा-“ये हमारा सीजन नहीं लग रहा”
मुंबई के लिए इस सीजन में रयान रिकेल्टन और अल्लाह गजनफर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। रिकल्टन ने 7 मैचों में तेज स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं और टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी है। वहीं गजनफर गेंदबाजी में लगातार विकेट निकालकर टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी बने हुए हैं।
दूसरी ओर, लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श और प्रिंस यादव अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। मार्श मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बना रहे हैं, जबकि प्रिंस यादव गेंदबाजी में विकेट लेने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां खेले गए हालिया मुकाबलों में बड़े स्कोर देखने को मिले हैं। चार में से तीन मैचों में 200 से ज्यादा रन बने हैं, जिससे साफ है कि बल्लेबाजों को यहां खुलकर खेलने का मौका मिल सकता है।
IPL 2026: क्या मुंबई के खिलाफ खेलेंगे MS Dhoni? कोच माइकल हसी ने चोट और वापसी पर दिया बड़ा बयान
मौसम की बात करें तो मुंबई में गर्मी बनी रहेगी और बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। तेज हवाएं भी मैच के दौरान असर डाल सकती हैं।
टीम की बात करें तो रोहित शर्मा की वापसी की संभावना जताई जा रही है। चोट के कारण बाहर चल रहे रोहित अगर वापसी करते हैं, तो मुंबई की बल्लेबाजी और मजबूत हो सकती है। वहीं कप्तान हार्दिक पांड्या पर टीम को जीत दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। दूसरी तरफ, ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ आखिरी मौके को जीत में बदलना चाहेगी।
मुंबई इंडियंस (MI): विल जैक्स, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, रॉबिन मिंज, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, कृष भगत, एएम गजनफर।
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG): मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, आयुष बडोनी, दिग्वेश सिंह, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, मोहसिन खान, जॉर्ड लिंडे।
Location : New Delhi
Published : 4 May 2026, 7:53 AM IST