हिंदी
जर्मनी की टीम (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट पर टिकी हुई हैं। सभी टीमें अगले दौर में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। हालांकि, मैदान पर प्रतिद्वंद्वी टीमों से मुकाबले के अलावा कुछ खिलाड़ियों के सामने एक अलग तरह की चुनौती भी खड़ी हो गई है। जर्मनी की टीम इन दिनों जहरीले सांपों की वजह से चिंता में है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तरी कैरोलिना में जर्मनी के बेस कैंप के आसपास घास के बीच एक जहरीला सांप देखा गया है। इसके बाद खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। जर्मनी के कप्तान जोशुआ किमिच ने भी इस मुद्दे को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जर्मनी के कप्तान जोशुआ किमिच ने कहा कि आमतौर पर जर्मनी में खिलाड़ियों की चिंता रणनीति, चोटों और अगले प्रतिद्वंद्वी को लेकर होती है, लेकिन यहां स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को यह भी सोचना पड़ रहा है कि घास में क्या छिपा हो सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, किमिच और उनकी टीम का सामना उत्तरी कैरोलिना में पाए जाने वाले जहरीले ‘कॉपरहेड’ सांप से हुआ। यह सांप जहरीला माना जाता है और इसके काटने पर तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता पड़ सकती है।
जोशुआ किमिच ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि टीम फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेने आई है, लेकिन अब खिलाड़ियों को हर कदम बेहद सावधानी के साथ रखना पड़ रहा है।
किमिच ने कहा, “हमने कल एक सांप देखा और हमें बताया गया कि वह जहरीला था। अगर वह काट ले तो अस्पताल जाना पड़ सकता है। यह खतरनाक है। जर्मनी में इतने खतरनाक जानवर आसपास नहीं होते। हम यहां फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए आए हैं और अचानक हर कदम रखने से पहले संभलकर चलना पड़ रहा है।”
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, केवल जर्मनी ही नहीं बल्कि स्विट्जरलैंड और नॉर्वे की टीमों ने भी इसी तरह की शिकायतें की हैं। बताया गया है कि स्विस टीम ने सैन डिएगो में अपने शिविर के बाहरी हिस्से को ही ‘स्नेक एरिया’ नाम दे दिया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि खिलाड़ियों के बीच सांपों को लेकर चिंता कितनी बढ़ गई है।
मैदान पर प्रदर्शन की बात करें तो जर्मनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में कुराकाओ को 7-1 के बड़े अंतर से हराया था। अब जर्मनी का अगला मुकाबला 21 जून को आइवरी कोस्ट के खिलाफ खेला जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 18 June 2026, 9:28 AM IST