हिंदी
महामुकाबले में आमने-सामने होंगी दो एशियाई महाशक्तियां (Img- X)
New Delhi: एशियन गेम्स में आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल के लिए खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। जापान के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में सुबह 10:30 बजे से यह ब्लॉकबस्टर मैच शुरू होगा। भारत ने साल 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स के फाइनल में भी श्रीलंका को हराकर ही स्वर्ण पदक जीता था। अब एक बार फिर भारतीय बेटियां अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
जापान के आइची-नागोया इलाके में इन दिनों टाइफून डुजुआन का असर देखा जा रहा है, जिससे भारी बारिश की आशंका है। लेकिन भारतीय प्रशंसकों के लिए राहत की खबर यह है कि अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है और रिजर्व डे में भी खेल संभव नहीं हो पाता, तो नियमों के अनुसार बेहतर वरीयता (हायर सीडिंग) होने के नाते गोल्ड मेडल सीधा भारत की झोली में आ गिरेगा।
Asian Games 2026: एशियन गेम्स के पहले दिन चमकीं भारत की बेटियां, 10 मीटर एयर राइफल में जीता सिल्वर
टूर्नामेंट में भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा आग उगल रही हैं। उन्होंने दो मैचों में 218.75 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 140 रन बनाए हैं, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ ठोका गया शानदार शतक भी शामिल है। वहीं दूसरी ओर, श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू 146 रन बनाकर टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर हैं। ऐसे में आज का मुकाबला शेफाली की विस्फोटक बल्लेबाजी और अट्टापट्टू की ऑलराउंड काबिलियत के बीच की टक्कर भी माना जा रहा है।
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की नई हाइब्रिड पिच पर टॉस की भूमिका अहम होगी। अब तक खेले गए 11 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का दबदबा रहा है और पहली पारी का औसत स्कोर 135 रन रहा है। भारत के पास दीप्ति शर्मा जैसी विश्वस्तरीय स्पिनर हैं, जो मध्य ओवरों में मैच का रुख पलटने में माहिर हैं।
टी-20 इंटरनेशनल में भारत का श्रीलंका के खिलाफ पलड़ा हमेशा भारी रहा है। दोनों के बीच खेले गए 32 मैचों में से भारत ने 26 बार जीत हासिल की है, जबकि श्रीलंका सिर्फ 5 मैच ही जीत सका है। कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और ऋचा घोष से सजी भारतीय टीम मैदान पर उतरकर सीधे खेल के दम पर ही गोल्ड अपने नाम करना चाहेगी।
Location : New Delhi
Published : 22 September 2026, 8:08 AM IST