’20 साल का सूखा खत्म’! बांग्लादेश को 3-0 से रौंदकर AFC अंडर-20 एशियन कप के लिए भारत ने क्वालीफाई किया

भारतीय फुटबॉल टीम ने 20 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए एएफसी अंडर-20 एशियन कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। क्वालीफायर के आखिरी मैच में भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से करारी शिकस्त दी। टीम के लिए डैनी, विशाल यादव और अरबाश ने शानदार गोल दागकर जीत पक्की की।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 7 September 2026, 3:18 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारतीय फुटबॉल टीम ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 20 साल के लंबे इंतजार के बाद एएफसी अंडर-20 एशियन कप के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारत ने क्वालीफायर मुकाबले में बांग्लादेश को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की की।

बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत

ताशकंद के दोस्तलिक स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच अंडर-20 एशियन कप क्वालीफायर का मुकाबला खेला गया। ग्रुप-बी के इस आखिरी मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने बांग्लादेश को कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एएफसी अंडर-20 एशियन कप चीन 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारतीय फुटबॉल के लिए यह खास उपलब्धि है, क्योंकि टीम करीब 20 साल बाद इस प्रतियोगिता में वापसी करने में सफल रही है।

ये भी पढ़ें: Football Match: पडरौना ने गोरखपुर को हराकर जीता फुटबॉल मैच का Opening मुकाबला

डैनी ने दिलाई शुरुआती बढ़त

भारत की ओर से पहला गोल डैनी मेइतेई लैशराम ने किया। उन्होंने 25वें मिनट में शानदार फिनिश के जरिए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस गोल में भारतीय खिलाड़ियों के दबाव और बेहतर तालमेल की अहम भूमिका रही।

भारतीय टीम ने इसके बाद भी बांग्लादेश पर दबाव बनाए रखा। डैनी के पास पहले हाफ में एक और गोल करने का मौका आया। उन्हें फ्री-किक के जरिए गोल करने का अवसर मिला, लेकिन बांग्लादेश के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए गेंद को रोक दिया।

विशाल यादव ने कलाबाजी से किया कमाल

दूसरे हाफ में भी भारत ने हमले जारी रखे। करीब एक घंटे के खेल के बाद भारत को एक और शानदार मौका मिला। ऋषिकांत ने बॉक्स के अंदर लंबा थ्रो किया, जिसे विशाल यादव ने बेहतरीन अंदाज में गोल में बदल दिया।

विशाल ने कलाबाजी करते हुए गेंद को नेट में पहुंचाया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इस गोल के बाद भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और बढ़ गया। बांग्लादेश ने वापसी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस के सामने उसकी कोशिशें सफल नहीं हो सकीं।

मैदान पर आते ही अरबाश ने दागा गोल

मैच के 72वें मिनट में भारतीय टीम ने दो बदलाव किए। डैनी और विशाल की जगह मोहम्मद अरबाश और प्रशांत जाजो को मैदान पर उतारा गया। मैदान पर आने के कुछ ही मिनट बाद अरबाश ने अपनी उपयोगिता साबित कर दी।

79वें मिनट में अरबाश ने बाएं पैर से शानदार शॉट लगाया। गेंद सीधे गोल के ऊपरी हिस्से में जा पहुंची। इस गोल के साथ भारत ने 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद बांग्लादेश के लिए मुकाबले में वापसी करना मुश्किल हो गया।

ये भी पढ़ें: Football News: भारतीय फुटबॉल महासंघ फिर होगा बैन? फीफा-AFC ने उठाया ये सख्त कदम

बांग्लादेश की कोशिशें हुईं नाकाम

दो गोल से पिछड़ने के बाद बांग्लादेश ने मैच के आखिरी हिस्से में आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने भारतीय गोलपोस्ट तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने हर हमले को नाकाम कर दिया।

भारत ने आखिरी सीटी तक अपनी बढ़त बनाए रखी और 3-0 से मुकाबला जीत लिया। ग्रुप-बी में तीन मैचों से भारत के छह अंक रहे और टीम दूसरे स्थान पर रही। इस प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम ने एएफसी अंडर-20 एशियन कप चीन 2027 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।

यह उपलब्धि भारतीय युवा फुटबॉल के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 20 साल बाद अंडर-20 एशियन कप में पहुंचकर 'ब्लू कोल्ट्स' ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

Location :  New Delhi

Published :  7 September 2026, 2:23 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement