अजिंक्य रहाणे ने अचानक क्यों छोड़ी मुंबई की कप्तानी? पोस्ट कर खुद किया खुलासा

रणजी ट्रॉफी 2025-26 से पहले अजिंक्य रहाणे ने मुंबई की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। 2023-24 में टीम को चैंपियन बनाने वाले रहाणे ने कहा कि अब नए कप्तान को मौका देने का समय है। वह बतौर खिलाड़ी टीम से जुड़े रहेंगे और अपने अनुभव से टीम को आगे ले जाने में मदद करेंगे।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 21 August 2025, 12:58 PM IST
google-preferred

New Delhi: भारतीय टेस्ट टीम के अनुभवी बल्लेबाज और घरेलू क्रिकेट में मुंबई की पहचान बन चुके अजिंक्य रहाणे ने रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन से पहले एक बड़ा फैसला लिया है। रहाणे ने मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' के जरिए दी है। रहाणे ने कहा कि यह नए कप्तान को तैयार करने का सही समय है और अब वह केवल एक खिलाड़ी के रूप में टीम के लिए योगदान देना चाहते हैं।

क्यों छोड़ी मुंबई की कप्तानी?

अपने पोस्ट में रहाणे ने लिखा, “मुंबई टीम की कप्तानी करना और टीम को चैंपियन बनाना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है। अब नए घरेलू सीजन की शुरुआत के साथ, मुझे लगता है कि एक नए कप्तान को मौका देने का सही समय है। इसलिए मैंने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।” उन्होंने आगे कहा कि वह बतौर खिलाड़ी टीम के साथ जुड़े रहेंगे और पूरी प्रतिबद्धता के साथ खेलते रहेंगे। रहाणे ने यह भी जताया कि उन्हें इस नए सीज़न का बेसब्री से इंतजार है।

कप्तानी में कितनी दिलाई ट्रॉफी?

अजिंक्य रहाणे ने मुंबई की कप्तानी करते हुए टीम को कई अहम उपलब्धियां दिलाईं। सबसे बड़ी उपलब्धि 2023-24 रणजी ट्रॉफी की खिताबी जीत रही, जिससे मुंबई ने सात साल बाद यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट फिर से अपने नाम किया। इसके अलावा रहाणे की अगुवाई में मुंबई ने ईरानी ट्रॉफी भी जीती थी। उनकी शांत और रणनीतिक कप्तानी को प्रशंसा मिली, खासतौर पर युवाओं को मौका देने और टीम को एकजुट रखने के लिए।

मुंबई के लिए कैसा रहा रहाणे का रिकॉर्ड?

बतौर बल्लेबाज रहाणे का मुंबई के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक मुंबई के लिए 76 प्रथम श्रेणी मैचों में हिस्सा लिया है और 52 की शानदार औसत से 5932 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 19 शतक भी लगाए हैं। यह आंकड़े उन्हें मुंबई के सबसे सफल बल्लेबाजों में शुमार करते हैं। वसीम जाफर के बाद रहाणे मुंबई के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

अब खिलाड़ी के रूप में दिखेगा अनुभव

हालांकि, रहाणे अब कप्तानी नहीं करेंगे, लेकिन उनके अनुभव का फायदा टीम को बतौर खिलाड़ी जरूर मिलेगा। उनका शांत स्वभाव, तकनीकी दक्षता और गेम सेंस युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करता रहेगा। टीम में उनकी मौजूदगी ही मुंबई के लिए बड़ी ताकत बनी रहेगी।

Location :