हिंदी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Vrindavan: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार सुबह आध्यात्मिक वातावरण उस समय और भी भक्तिमय हो गया, जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संत प्रेमानंद महाराज के दरबार में पहुंचीं। 'राधे-राधे' के जयकारों के बीच राष्ट्रपति का स्वागत हुआ और पूरा आश्रम परिसर भक्ति रस में डूब गया।
राष्ट्रपति मुर्मू गुलाबी साड़ी में सादगीपूर्ण अंदाज में राधा केली कुंज स्थित आश्रम पहुंचीं। वहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सुने और पूरे समय विनम्र भाव से उपस्थित रहीं। प्रेमानंद महाराज ने मुस्कुराते हुए 'राधे-राधे' कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया, जिसका जवाब राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर दिया।
प्रेमानंद महाराज के दर पहुंचे विराट कोहली, पत्नी अनुष्का भी आईं नजर- देखें VIDEO
यह अवसर इसलिए भी खास रहा क्योंकि एक दिन पहले ही संत प्रेमानंद महाराज का जन्मदिन मनाया गया था। राष्ट्रपति ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान दोनों के बीच आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें जीवन मूल्यों, सेवा और भक्ति के महत्व पर विचार साझा किए गए।
राष्ट्रपति और संत प्रेमानंद महाराज के बीच एकांत में भी वार्ता हुई। इस दौरान समाज सेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रपति ने संत के सरल जीवन, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
राष्ट्रपति का यह दौरा उनके तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश भ्रमण का हिस्सा है। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने अयोध्या में भगवान राम मंदिर में पूजा-अर्चना की और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके बाद वह मथुरा पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पूरे आश्रम परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।
प्रेमानंद महाराज ने एल्विश यादव से लिया ये बड़ा वादा, युवाओं के लिए दिया जरूरी संदेश
राष्ट्रपति की उपस्थिति से स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोग आश्रम के आसपास एकत्र हुए और 'राधे-राधे' के जयकारों से वातावरण को गूंजायमान कर दिया।
Location : Vrindavan
Published : 20 March 2026, 1:03 PM IST