UP Assembly Election 2027: सपा सांसद एसपी सिंह पटेल का कांग्रेस पर हमला, बोले- 50 सीट देना भी बड़ी बात

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी वक्त है, लेकिन गठबंधन की राजनीति में सीटों को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर औपचारिक तस्वीर साफ होने से पहले ही दोनों दलों के बीच दावेदारी का मुद्दा चर्चा में आ गया है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 4 October 2026, 3:31 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी वक्त है, लेकिन गठबंधन की राजनीति में सीटों को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर औपचारिक तस्वीर साफ होने से पहले ही दोनों दलों के बीच दावेदारी का मुद्दा चर्चा में आ गया है। इसी बीच सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल उर्फ एसपी सिंह पटेल ने कांग्रेस के 150 सीटों के दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 50 सीट मिलना भी बड़ी बात होगी।

कांग्रेस के 150 सीट के दावे पर सवाल

प्रतापगढ़ से सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा किसी पार्टी की राजनीतिक ताकत और संगठन की जमीनी स्थिति को ध्यान में रखकर होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की ओर से 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी को अनुचित बताया। पटेल के मुताबिक, कांग्रेस को उसकी मौजूदा राजनीतिक स्थिति के हिसाब से सीटों की मांग करनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि कांग्रेस के लिए 10 से 20 सीट का आंकड़ा अधिक व्यावहारिक हो सकता है, जबकि 50 सीट मिलना भी बड़ी बात होगी।

UP Polls 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावी हलचल तेज, सीट बंटवारे को लेकर BJP में बड़ा मंथन शुरू

सीट बंटवारे को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा था कि पार्टी 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी। वहीं, सपा की ओर से अब इस दावे पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए गए हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों का फार्मूला अहम मुद्दा बन गया है। हालांकि अभी दोनों दलों के बीच सीटों का कोई अंतिम और औपचारिक समझौता सामने नहीं आया है।

अखिलेश ने नेताओं को दी सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की सलाह

सीट बंटवारे को लेकर सपा सांसद के बयान के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपने नेताओं से इस तरह के मुद्दों पर सार्वजनिक बयानबाजी से बचने को कहा है। उन्होंने कहा कि नेताओं की राय और चिंताएं पार्टी के भीतर रखी जानी चाहिए और जब गठबंधन को लेकर बातचीत होगी, तब सुझावों पर विचार किया जाएगा। इससे संकेत मिलता है कि सीट बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला सपा नेतृत्व और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत के बाद ही होगा।

केशव मौर्य के बयान पर भी साधा निशाना

एसपी सिंह पटेल ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने सपा को ‘सांपनाथ’, बसपा को ‘नागनाथ’ और कांग्रेस को ‘कालिया नाग’ कहा था। पटेल ने केशव मौर्य पर अनाप-शनाप बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर पिछड़े समाज के साथ कथित अन्याय का आरोप लगाया और कहा कि पिछड़ा समाज अब भाजपा की नीतियों को समझ रहा है।

मध्य प्रदेश चुनाव का भी दिया उदाहरण

सपा सांसद ने कांग्रेस के साथ पुराने गठबंधन के अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सपा की ओर से कांग्रेस नेतृत्व के साथ सीटों को लेकर बातचीत की गई थी, लेकिन पार्टी को सीट नहीं मिली। पटेल के इन बयानों से साफ है कि सीट बंटवारे को लेकर सपा के भीतर कांग्रेस की दावेदारी को लेकर सवाल मौजूद हैं। हालांकि अंतिम सीट फार्मूला अभी बातचीत के बाद ही तय होगा।

विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने कसी कमर! ब्रज क्षेत्र में 6 साल बाद RSS के फुल टाइम प्रचारक की एंट्री, 65 सीटों पर नजर

अभी साफ नहीं गठबंधन का अंतिम फार्मूला

2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी में हैं। एक तरफ कांग्रेस अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रही है, वहीं सपा के कुछ नेता उसके दावे को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल यह देखना अहम होगा कि दोनों दल बातचीत की मेज पर किस फार्मूले पर सहमत होते हैं। सीटों की संख्या को लेकर सामने आए बयानों ने गठबंधन की बातचीत शुरू होने से पहले ही सियासी माहौल गर्म कर दिया है।

Location :  Lucknow

Published :  4 October 2026, 3:31 PM IST

Related News

Advertisement