हिंदी
विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने कसी कमर (Img: AI Generated Image)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में ब्रज क्षेत्र में करीब छह साल बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के फुल टाइम प्रचारक की तैनाती की गई है। झारखंड के रांची निवासी संघ प्रचारक अमन गिरि को क्षेत्रीय संगठक की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि ब्रज क्षेत्र में बड़ी संख्या में विधानसभा सीटें आती हैं।
भाजपा ने इस बार क्षेत्रीय संगठन मंत्री के बजाय क्षेत्रीय संगठक के तौर पर नया पद बनाया है। अमन गिरि इस पद पर नियुक्त होने वाले प्रदेश के पहले संगठक बताए जा रहे हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल पार्टी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें संगठन की गतिविधियों की निगरानी, पार्टी की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने का काम भी सौंपा गया है। बताया गया है कि क्षेत्र से मिलने वाला फीडबैक वह सीधे प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह तक पहुंचाएंगे।
ये भी पढ़ें- मैनपुरी में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस का बड़ा अभियान, 23 आरोपी गिरफ्तार; जानिए किस थाने से कितने पकड़े गए
अमन गिरि को ब्रज क्षेत्र के 12 प्रशासनिक जिलों में आने वाले 19 संगठनात्मक जिलों और 65 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, मैनपुरी, एटा, बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर शामिल हैं। इतने बड़े क्षेत्र में संगठन के कामकाज को सक्रिय रखना और कार्यकर्ताओं को लगातार चुनावी गतिविधियों से जोड़ना उनके सामने बड़ी चुनौती होगी।
ब्रज क्षेत्र में फुल टाइम प्रचारक की तैनाती करीब छह साल बाद हुई है। इससे पहले क्षेत्रीय संगठन महामंत्री रहे भवानी सिंह का कोविड काल में निधन हो गया था। इसके बाद लंबे समय तक इस स्तर पर संघ प्रचारक की नियुक्ति नहीं हुई। उस समय संघ के पास प्रचारकों की कमी को भी इसकी एक वजह माना जाता था। अब चुनाव से पहले हुई नई नियुक्ति को भाजपा और संघ के बीच संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- CBI से राजनीति तक एम. नागेश्वर राव का सफर, वाराणसी में बनाई ‘सर्वजन सनातन पार्टी’; खुद बने राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमन गिरि की भूमिका की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह शनिवार को उनका परिचय कराने के लिए आगरा पहुंचे। पार्टी की कोशिश है कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता को सक्रिय किया जाए और संगठन के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी के मुताबिक, संगठन के बेहतर क्रियान्वयन और समन्वय के लिए संगठक की नियुक्ति की गई है। उनके अनुसार अमन गिरि प्रदेश में इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले संगठक हैं और आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी नियुक्तियां संभव हैं।
Location : Lucknow
Published : 4 October 2026, 1:38 PM IST