हिंदी
IIT दिल्ली में फिर छात्र की मौत (Img: AI Generated Image)
New Delhi: IIT दिल्ली में एक और छात्र की मौत ने संस्थान में छात्रों के मानसिक दबाव और उनकी चुनौतियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बायोकेमिकल इंजीनियरिंग एंड बायोटेक्नोलॉजी विभाग में PhD कर रहे मनीष आनंद ने 18 अगस्त को नींद की गोलियां निगल ली थीं। गंभीर हालत में उन्हें AIIMS के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां करीब डेढ़ महीने तक इलाज चलने के बाद 3 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मनीष आनंद IIT दिल्ली के पास कटवारिया सराय में एक PG में रहते थे। 18 अगस्त को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए AIIMS के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें ICU में भर्ती किया।
सूत्रों के अनुसार, मनीष ने तनाव की स्थिति में नींद की गोलियां खाई थीं। शुरुआती तौर पर इस घटना को आत्महत्या की कोशिश माना जा रहा है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उनकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें- कचरे के ढेर से जगमगाएंगे शहर और गांव, कानपुर के HBTU की इस अनोखी तकनीक ने बदल दी तस्वीर
मनीष का करीब डेढ़ महीने तक अस्पताल में इलाज चलता रहा। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी अस्पताल में उनके साथ मौजूद रहे। तमाम कोशिशों के बावजूद 3 अक्टूबर को उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मनीष की मौत की खबर IIT दिल्ली पहुंचने के बाद परिसर में शोक का माहौल है। डीन स्टूडेंट अफेयर्स की ओर से छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ई-मेल भेजकर उनके निधन की जानकारी दी गई। संस्थान ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से उन्हें जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया गया है।
मनीष ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसके पीछे व्यक्तिगत, पढ़ाई से जुड़ा या कोई अन्य कारण था या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। IIT दिल्ली ने भी स्पष्ट किया है कि मामले की परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
ये भी पढ़ें- मिड-डे मील के नाम पर बच्चों से करवाया ऐसा काम, देखकर उड़ जाएंगे होश! सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही मचा बवाल
मनीष आनंद की मौत ऐसे समय हुई है, जब IIT दिल्ली पहले ही MSc Physics के छात्र ऋषिकेश कुमार की 22 अगस्त को हुई मौत की परिस्थितियों की जांच कर रहा है। उनकी मौत के बाद संस्थान ने मामले की जांच के लिए एक समिति भी गठित की थी।
अब मनीष की मौत के बाद छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, पढ़ाई के दबाव और समय पर भावनात्मक मदद उपलब्ध कराने को लेकर सवाल फिर उठने लगे हैं। IIT दिल्ली प्रशासन ने छात्रों से कठिन समय में एक-दूसरे का साथ देने और संस्थान की काउंसलिंग सेवाओं की मदद लेने की अपील की है। मनीष की स्मृति में शोक सभा आयोजित किए जाने की भी जानकारी दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 4 October 2026, 3:09 PM IST
Topics : AIIMS IIT Delhi mental health PHD Student Student Death