हिंदी
देवरिया में दर्दनाक हादसा (Img: Dynamite News)
Deoria: रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रनियहवा उर्फ चिरई गोड़ा गांव में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय राहुल चौहान दोस्तों के साथ पुल से नदी में छलांग लगाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि राहुल दोपहर के समय अपने मित्रों के साथ नदी की तरफ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने पुल से पानी में छलांग लगाई, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक राहुल के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नदी और आसपास के इलाकों में तलाश के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
यह भी पढ़ें - Deoria News: देवरिया में खाकी पर लगा दाग, थाने की हवालात में गांजा तस्कर की संदिग्ध मौत से मचा बवाल
राहुल की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया, "मेरा लड़का मुझसे पूछकर गया था कि मां, अभी मैं आ रहा हूं। लेकिन जब से गया है, वापस नहीं आया। हम लोगों ने हर जगह तलाश करवा ली, लेकिन हमारे राहुल का अब तक पता नहीं चला।"
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी जुटाते हुए राहुल की तलाश की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की खबर फैलते ही रनियहवा सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें - Deoria: 25 हजार का इनामी गो-तस्करी आरोपी आखिर पुलिस के हाथ लगा, ऐसे हुई गिरफ्तारी
राहुल के लापता होने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और राहुल की तलाश को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की निगाहें नदी की ओर टिकी हैं और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
Location : Deoria
Published : 4 October 2026, 3:17 PM IST
Topics : Deoria News Deoria Police Rudrapur UP News UP Police