हिंदी
विजय का शपथग्रहण टला (image source: internet)
Chennai: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। TVK प्रमुख विजय ने कांग्रेस के समर्थन पत्र के साथ सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की थी। उन्होंने बुधवार (6 मई) को कांग्रेस के समर्थन वाले विधायकों की सूची भी राज्यपाल को सौंपी थी।
हालांकि, इसके बावजूद राज्यपाल ने अभी तक किसी भी तरह का औपचारिक फैसला नहीं लिया है। सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल इस बात से संतुष्ट नहीं हैं कि TVK के पास स्पष्ट और ठोस बहुमत मौजूद है। इसी वजह से उन्होंने फिलहाल शपथ ग्रहण की अनुमति नहीं दी है और पूरे मामले पर कानूनी सलाह भी ली जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी स्थिति का गहन विश्लेषण किया जा रहा है ताकि किसी तरह की संवैधानिक अड़चन न आए।
विधानसभा की 234 सीटों में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। TVK ने चुनाव में 108 सीटों पर जीत हासिल की है, जिससे वह सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस के पांच विधायकों के समर्थन के बावजूद पार्टी बहुमत के आंकड़े से पीछे है।
Trump Vs Pope: ईरान युद्ध पर बढ़ा टकराव, परमाणु हथियारों को ट्रंप और पोप आमने-सामने
इसी कारण राज्यपाल ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक विजय बहुमत साबित नहीं करते तब तक शपथ ग्रहण संभव नहीं है। इसके अलावा विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक से इस्तीफा देना होगा, जिससे राजनीतिक समीकरण और जटिल हो गए हैं।
गुरुवार को चेन्नई के नेहरू इनडोर स्टेडियम में TVK समर्थक भारी उम्मीदों के साथ जुटे थे, लेकिन कार्यक्रम अचानक रद्द होने से माहौल निराशा में बदल गया। लोग अपने नेता विजय को मुख्यमंत्री बनते देखने की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन अंतिम समय में कोई घोषणा नहीं हुई।
ईरान ने तोड़ दी अमेरिका की ‘अजेय ताकत’? सैटेलाइट तस्वीरों ने खोली युद्ध की सच्चाई
राज्यपाल द्वारा बहुमत साबित करने की शर्त के बाद शपथ ग्रहण फिलहाल टाल दिया गया है। दूसरी ओर, CPI ने इस देरी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि TVK सबसे बड़ी पार्टी है और उसे सरकार गठन के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला देते हुए राज्यपाल की भूमिका पर भी प्रश्न उठाए हैं। फिलहाल तमिलनाडु की राजनीति में अनिश्चितता और बढ़ गई है और सभी की नजरें अगले फैसले पर टिकी हैं।
Location : Chennai
Published : 7 May 2026, 2:21 PM IST