हिंदी
चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में जांच जारी (Img: Google)
Kolkata: कोलकाता में भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) जांच के सिलसिले में उत्तर प्रदेश पहुंच गई है। शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के तार अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या की साजिश बेहद पेशेवर तरीके से रची गई थी। अपराधियों ने एक वाट्सऐप ग्रुप बनाकर लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान किया और पूरी वारदात को महज 50 सेकंड के भीतर अंजाम दे दिया। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूरे ऑपरेशन में 7 से 8 लोग शामिल थे, जिनमें दो प्रशिक्षित शार्प शूटर भी थे।
जांच के दौरान पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक उत्तर 24 परगना के बारासात इलाके से बरामद कर ली है। इसके अलावा कई सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध लाल रंग की कार का सुराग मिला है। आशंका है कि हत्या के बाद आरोपी इसी कार से फरार हुए।
सीमा से लगे थानों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस बंगाल से सटे राज्यों की सीमाओं पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच कर रही है ताकि आरोपियों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
जांच में सबसे बड़ा सुराग उस कार की नंबर प्लेट से मिला, जिसका इस्तेमाल चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोकने के लिए किया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि यह नंबर प्लेट सिलीगुड़ी निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर रजिस्टर्ड निसान माइक्रा कार की है।
जानकारी के अनुसार, जेम्स विलियम्स ने अपनी कार बेचने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन दिया था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया था। अब SIT उन्हीं लोगों से पूछताछ करने के लिए यूपी पहुंची है। पुलिस को शक है कि फर्जी नंबर प्लेट और वाहन नेटवर्क के जरिए पूरी साजिश को अंजाम दिया गया।
बुधवार रात करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके में दो बाइक और एक कार से आए बदमाशों ने चंद्रनाथ रथ की कार को घेर लिया था। इसके बाद प्वाइंट ब्लैंक रेंज से उन पर गोलियां बरसाई गईं। इस हमले में उनके चालक को भी गोली लगी थी।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार अपराधियों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। पुलिस का दावा है कि हमले में अत्याधुनिक ऑटोमैटिक हथियारों का इस्तेमाल हुआ। घटना के बाद राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया है।
Location : Kolkata
Published : 8 May 2026, 1:09 PM IST