हिंदी
यूपी में चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल
New Delhi: मोदी मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। सूत्रों के हवाले से ये खबर सामने आ रही है कि इसी महीने मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव हो सकता है। इस फेरबदल से पहले संसद का एक विशेष सत्र बुलाए जाने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस सत्र के दौरान सरकार महिलाओं को राजनीति में भागीदारी देने के लिए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, विशेष संसद सत्र के समाप्त होने के तुरंत बाद ही मोदी मंत्रिपरिषद में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस संभावित फेरबदल में कई बड़े मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। सूत्रों की मानें तो केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का पत्ता मंत्रिमंडल से कट सकता है।
हालांकि मंत्रिपरिषद के फेरबदल में कई मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। प्रदर्शन के आधार पर भी कुछ मंत्रियों को हटाया जा सकता है। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र भी कुछ राज्यों से मंत्रियों की संख्या बदली जा सकती है।
मंत्रिपरिषद में फेरबदल करते समय 2029 लोक सभा चुनाव को ध्यान में रखा जाएगा। नए सहयोगी दलों को भी मिल सकती है मंत्रिपरिषद में जगह। टीएमसी के बाग़ियों से बनी एनसीपीआई से मंत्री बनाए जाने की अटकलें हैं।
अकाली दल से गठबंधन की स्थिति में मंत्रिमंडल में उन्हें भी जगह दिया जाएगा। सूत्रों की माने तो अकाली दल के साथ गठबंधन की घोषणा जल्द हो सकती है, सिर्फ सीटों के बंटवारे को लेकर मामला रूका हुआ है। एक बार गठबंधन की घोषणा होने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार कभी भी किया जा सकता है।
आम आदमी पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए सात राज्य सभा सांसदों में से किसी को पंजाब चुनाव के मद्देनज़र जगह मिल सकती है। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री का पद मिल सकता है। शिवसेना यूबीटी के छह सांसदों के शामिल होने से उसकी संख्या बढ़कर तेरह हो गई है।
शिवसेना से श्रीकांत शिंदे के नाम की अटकलें हैं। कुछ बीजेपी नेताओं के मंत्री बनने की चर्चा थी। पर उन्हें संगठन में जगह दी गई है। जैसे स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सतीश पूनिया, तरुण चुग आदि अब राज्यों से युवा चेहरों को लाया जा सकता है।
माना जा रहा है कि मोदी सरकार 3.0 का यह पहला और आखिरी मंत्रिमंडल फेरबदल होगा। 2029 के लोकसभा चुनाव में सरकार इसी मंत्रिमंडल के साथ जाएगी। यही कारण फेरबदल के पहले सभी समीकरणों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
Location : New Delhi
Published : 6 October 2026, 1:57 AM IST