हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Kolkata: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच एक बड़ा फैसला सामने आया है। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। इन बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान जारी है। इनमें से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम और 4 बूथ डायमंड हार्बर क्षेत्र में स्थित हैं।
यह फैसला तब लिया गया जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इन बूथों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के साथ छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए। आरोपों के मुताबिक, फलता इलाके के एक मतदान केंद्र पर कमल के निशान वाले बटन को टेप से ढकने की कोशिश की गई थी। इस घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया।
मतदाताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों में बूथ कैप्चरिंग, धांधली और मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप शामिल थे। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत इन बूथों का मतदान रद्द कर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया।
बंगाल में दूसरे चरण का मतदान संपन्न! 142 सीटों पर वोटिंग, 90% तक पहुंचा मतदान प्रतिशत
सूत्रों के अनुसार, फलता विधानसभा क्षेत्र के करीब 30 अन्य बूथों पर भी पुनर्मतदान की संभावना जताई जा रही है। इस पर अंतिम निर्णय रिपोर्ट्स के आधार पर लिया जाएगा। चुनाव अधिकारियों की शुरुआती जांच में यह संकेत मिला है कि कथित छेड़छाड़ मतदान के दौरान हुई हो सकती है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने साफ कहा है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी अनियमितताएं साबित होंगी, वहां तुरंत कार्रवाई होगी और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में कुल 92.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो राज्य के इतिहास में सबसे ज्यादा है।
Location : Kolkata
Published : 2 May 2026, 8:13 AM IST
Topics : Assembly Elections 2026 Bengal Elections Election Commission EVM Tampering West Bengal Voting