15 अगस्त को लाल किले पर बदलेगा मौसम का मिजाज! बारिश के बीच होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, IMD का अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के दिन मौसम करवट ले सकता है। 15 अगस्त को लाल किले के आसपास सुबह बारिश की सबसे ज्यादा संभावना है। इसके बाद भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। जानिए 15 अगस्त को दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 14 August 2026, 6:36 PM IST
google-preferred

New Delhi: देश आजादी का जश्न मनाने की तैयारी में है, लाल किला तिरंगे की रोशनी से सज चुका है और सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। लेकिन इस बार दिल्ली के आसमान का मिजाज समारोह के बीच बदल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने उन लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जो 15 अगस्त को लाल किले पहुंचकर आजादी का जश्न देखने वाले हैं। सुबह से ही बादलों का डेरा रह सकता है और बारिश कई बार समारोह में खलल डाल सकती है।

सुबह-सुबह बारिश से हो सकती है शुरुआत

15 अगस्त को दिल्ली में बारिश की सबसे ज्यादा संभावना सुबह के समय बताई गई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच करीब 5 मिलीमीटर तक बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान बारिश होने की संभावना करीब 70 फीसदी तक बताई गई है। इसके बाद सुबह 6 बजे से 9 बजे के बीच भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस समय करीब 5 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है और बारिश की संभावना करीब 60 फीसदी रह सकती है।

दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, काले बादलों के बाद झमाझम बारिश… गर्मी से राहत या आफत?

समारोह के दौरान भी छाए रहेंगे बादल

सुबह की बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम में राहत मिल सकती है, लेकिन आसमान पूरी तरह साफ होने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त को दिनभर दिल्ली के आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। दोपहर से शाम के बीच एक बार फिर हल्की बारिश या फुहारों का दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान करीब 3 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है और बारिश की संभावना करीब 60 फीसदी तक रह सकती है।

14 अगस्त को भी दिल्ली में बदला मौसम

स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले यानी 14 अगस्त को भी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। दोपहर 2:30 बजे तक सफदरजंग में 5.2 मिलीमीटर, रिज में 0.8 मिलीमीटर, लोधी रोड में 2.7 मिलीमीटर और पालम में 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं अयानगर में 3.6 मिलीमीटर बारिश हुई। पूसा में 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मयूर विहार और नारायणा में 7-7 मिलीमीटर बारिश हुई। मेहरौली में सबसे ज्यादा 24 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

Weather Update: आज कहां बरसेगी आफत? दिल्ली से UP और राजस्थान तक मौसम का बड़ा अलर्ट

लाल किले के आसपास भी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 14 अगस्त की शाम भी लाल किले और आसपास के इलाकों में बारिश के दो दौर देखने को मिल सकते हैं। दोपहर 3 से 4 बजे के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद शाम 4 से 6 बजे के बीच एक और बारिश का दौर आ सकता है। इस दौरान तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। बारिश और धुंध के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हो सकती है।

15 अगस्त को कितना रहेगा तापमान?

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 15 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बादल और बारिश के कारण तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिल सकती है। हालांकि बारिश के बाद उमस बढ़ने से चिपचिपा मौसम भी परेशान कर सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  14 August 2026, 6:36 PM IST

Related News

Advertisement