हिंदी
कर्नाटक के परिवहन मंत्री ने किया रियलिटी चेक (सोर्स- एक्स)
New Delhi: सोचिए कि आप राज्य के परिवहन मंत्री हैं, अपनी ही सरकारी बस में सफर कर रहे हैं और अचानक कंडक्टर आपसे कहे- "छुट्टे पैसे नहीं हैं तो बस से नीचे उतर जाओ।" सुनने में यह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा लगता है, लेकिन कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में ऐसा हकीकत में हुआ है। कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश जब शनिवार की रात 'नायक' फिल्म के अनिल कपूर वाले अंदाज में मास्क लगाकर शहर की परिवहन व्यवस्था का रियलिटी चेक करने निकले, तो उन्हें जमीनी कड़वाहट का अहसास हो गया। खुद परिवहन मंत्री को ही उनके विभाग के कर्मचारियों ने बस से नीचे उतार दिया।
परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश शनिवार रात को बेंगलुरु शहर की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की जमीनी हकीकत और यात्रियों को होने वाली दिक्कतों को खुद भुगतकर समझना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने चेहरे पर मास्क लगाया और आम यात्री बनकर सड़कों पर निकल पड़े। शाम 7:10 बजे से रात 9:10 बजे के बीच मंत्री ने जयमहल, टीवी टावर, आरटी नगर, सीबीआई रोड, हेब्बल, मान्यता टेक पार्क, नागवारा, हेन्नूर, हेन्नूर बंदे, बायराथी बंदे और गेद्दलाहल्ली जैसे कई व्यस्त मार्गों का दौरा किया। चेहरे पर मास्क होने की वजह से न तो बस का स्टाफ और न ही आम जनता उन्हें पहचान सकी।
यह भी पढ़ें-Viral News: 20 सीटी के बाद भी नहीं पका खाना, गुस्से में शख्स पहुंच गया थाने; फिर जो हुआ वो और भी मजेदार
इस औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री सुरेश हेब्बल से नागाशेट्टीहल्ली जाने वाली बीएमटीसी (BMTC) बस में सवार हुए। उन्होंने कंडक्टर से दो टिकट मांगे और किराए के रूप में 100 रुपये का नोट आगे बढ़ा दिया। इस पर कंडक्टर ने उनसे छुट्टे पैसों की मांग की। जब मंत्री ने कहा कि उनके पास छुट्टे पैसे नहीं हैं, तो कंडक्टर ने वीआईपी की मौजूदगी से अनजान होते हुए दो टूक लहजे में कह दिया, "अगर छुट्टा नहीं दे सकते, तो बस से उतर जाओ।"
Karnataka Transport Minister @byrathi_suresh travelled incognito on 10+ BMTC buses.across Bengaluru for 2 hours wearing a mask to inspect services firsthand.
He suspended a driver and conductor after a bus failed to stop for passengers. In another bus, a conductor asked him to… pic.twitter.com/celtwAXIPG
— ChristinMathewPhilip (@ChristinMP_) July 12, 2026
विभाग के मुखिया होने के बावजूद मंत्री ने वहां कोई हंगामा नहीं किया। नियमों और बदतमीजी का लाइव एक्सपीरियंस ले रहे मंत्री सुरेश बिना कोई जवाब दिए शांति से बस से नीचे उतर गए। हालांकि, इस वाकये के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित बस के ड्राइवर और कंडक्टर को तुरंत सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है।
बस से उतरने के बाद परिवहन मंत्री का सामना शहर की ऑटो सेवा की मनमानी से हुआ। उन्होंने नागशेट्टीहल्ली से एक ऑटो रिक्शा किराए पर लिया। सफर खत्म होने पर जब उन्होंने मीटर देखा, तो उस पर किराया 30 रुपये दिख रहा था। लेकिन ऑटो ड्राइवर ने मीटर को ताक पर रखकर उनसे 36 रुपये की मांग कर दी।
यह भी पढ़ें-Viral News: शिक्षक और रसोइया की शर्मनाक हरकत, वायरल वीडियो के बाद स्कूल में मचा हड़कंप
जब मंत्री सुरेश ने इस मनमाने किराये पर सवाल उठाया, तो ड्राइवर ने टालमटोल करते हुए कहा कि मीटर में कुछ खराबी है और इसे बाद में ठीक करा लिया जाएगा। व्यवस्था के इस ढर्रे को देख रहे मंत्री ने आखिरकार ड्राइवर को 40 रुपये दिए और ऑटो से उतर गए।
मंत्री के इस 'सीक्रेट मिशन' ने यह साफ कर दिया है कि बेंगलुरु की सड़कों पर आम यात्रियों को हर दिन किस कदर मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस औचक निरीक्षण के बाद अब शहर के ऑटो चालकों और बस स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 12 July 2026, 11:20 AM IST