IMD Warning: दिल्ली से बिहार तक मौसम का कहर, तेज आंधी-बारिश से मच सकती है तबाही

देशभर में मौसम ने अचानक कई राज्यों में चिंता बढ़ा दी है। कहीं 80KM की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है तो कहीं बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। आखिर किन राज्यों में सबसे ज्यादा खतरा है और मौसम कब तक कहर बरपाएगा?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 10 May 2026, 8:10 AM IST
google-preferred

New Delhi: देश में मौसम ने अचानक ऐसा करवट ली है जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं तेज धूल भरी आंधी है तो कहीं आसमान से बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत समेत 16 राज्यों में तेज बारिश, तूफानी हवाओं और बिजली गिरने का बड़ा अलर्ट जारी किया है।

कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे जहां गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं खराब मौसम नई मुश्किलें भी खड़ी कर सकता है।

दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 11 और 12 मई को मौसम अचानक बदल सकता है। IMD ने तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन धूल भरी आंधी और बिजली कड़कने की घटनाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं।

Weather Update: दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम? बारिश को लेकर IMD का अलर्ट जानें

यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 10 से 14 मई के बीच मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और मेरठ समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

वहीं बिहार में भी मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। पटना, दरभंगा, पूर्णिया और पश्चिम चंपारण जैसे जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। किसानों को फसल और अनाज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

झारखंड और मध्य प्रदेश में बिजली गिरने का खतरा

झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने की सलाह दी है। मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि अन्य इलाकों में तापमान गिर सकता है।

राजस्थान में लू और बारिश का डबल अटैक

राजस्थान का मौसम इस समय दो हिस्सों में बंटा दिखाई दे रहा है। पश्चिमी राजस्थान में लू का असर जारी है, जबकि जयपुर, कोटा और उदयपुर में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। धूल भरी आंधी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम और ज्यादा खतरनाक हो सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। शिमला, मनाली, नैनीताल और उत्तरकाशी जैसे इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली वालों को मिलेगी राहत! आज आंधी-बारिश के साथ बदलेगा मौसम

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी भारी बारिश का खतरा

असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मेघालय में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई जिलों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। तटीय इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी भी दी गई है।

अगले 72 घंटे क्यों हैं बेहद अहम?

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 72 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद संवेदनशील साबित हो सकते हैं। तेज हवाएं, बिजली गिरना, पेड़ टूटना और बिजली सप्लाई बाधित होने जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। किसानों, यात्रियों और खुले इलाकों में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Location :  New Delhi

Published :  10 May 2026, 8:10 AM IST

Advertisement