हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
New Delhi: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग और निजी एजेंसी स्काईमेट ने अगले 72 घंटों को बेहद संवेदनशील बताया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की सक्रियता के कारण देशभर में अस्थिर मौसम बना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की चेतावनी दी है। बिहार के पटना, गया, भागलपुर, अररिया और किशनगंज समेत कई जिलों में ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली है।
Weather News: मौसम का बदला मिजाज, कई राज्यों में तापमान में उछाल; जानिये अपने शहर के वेदर का हाल
राजस्थान में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार जोधपुर संभाग में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 9 मई के बाद तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भोपाल, चंबल और जबलपुर संभागों में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी हैं। कई जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है।
हरियाणा के अंबाला, करनाल, पंचकूला और गुरुग्राम समेत कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई दे रहा है। शिमला, कुल्लू, चंबा, उत्तरकाशी और नैनीताल में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
Weather News: नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कल स्कूलों में अवकाश घोषित
पूर्वोत्तर भारत में मौसम सबसे ज्यादा खराब बना हुआ है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की आशंका है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों की राहत के बाद फिर गर्मी बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 12 मई के बीच तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। तटीय इलाकों और अंडमान-निकोबार में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
Location : New Delhi
Published : 8 May 2026, 7:54 AM IST