हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और अब दिन के साथ-साथ रातें भी राहत नहीं दे रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शुष्क हवाओं और बारिश की कमी ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत के ऊपर मजबूत जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जो ऊंचाई पर बहने वाली तेज हवाओं की पट्टी होती है। यह हवाएं बारिश बनने की प्रक्रिया को बाधित करती हैं, जिससे मौसम शुष्क बना रहता है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ का असर फिलहाल केवल पहाड़ी इलाकों तक सीमित है। मैदानी क्षेत्रों में इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ रहा।
जहां एक ओर उत्तर भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में मौसम करवट ले रहा है। बिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
Weather Update: दिल्ली, UP और बिहार के लिए हीटवेव अलर्ट, जानिये आज के मौसम का हाल
ओडिशा, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में मौसम का मिजाज बिल्कुल उलट है। अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि असम और मेघालय में भी तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
अप्रैल में ही बढ़ा तापमान, नैनीताल में सामान्य से ऊपर पहुंचा पारा, मौसम के बदले तेवर से बढ़ी गर्मी
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों को सुरक्षित रखने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था करें। वहीं आम लोगों को भीषण गर्मी और खराब मौसम से बचने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 22 April 2026, 8:11 AM IST