हिंदी
दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच 13.0’ के तहत अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस मेगा ऑपरेशन की पूरी कहानी, गिरफ्तारियों और बरामदगी की डिटेल्स जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।
दिल्ली पुलिस ने चलाया 'ऑपरेशन कवच 13.0' (Source: Dynamite News)
New Delhi: दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में पुलिस ने अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। 'ऑपरेशन कवच 13.0' के तहत पुलिस की 110 टीमों ने लगातार 48 घंटे तक जिले के चप्पे-चप्पे पर छापेमारी की।
इस मेगा ऑपरेशन में पुलिस ने न केवल सैंकड़ों बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा, बल्कि भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार भी जब्त किए हैं।
यह विशेष अभियान 29 मार्च की शाम से शुरू होकर 31 मार्च की शाम तक चला। पुलिस की भारी घेराबंदी के बीच 283 अलग-अलग ठिकानों पर रेड डाली गई। इस पूरी कार्रवाई के दौरान 452 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने करीब 1930 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। पुलिस का मुख्य उद्देश्य इलाके में सक्रिय गैंग और स्ट्रीट क्रिमिनल्स की कमर तोड़ना था।
ऑपरेशन कवच के दौरान पुलिस का सबसे ज्यादा फोकस ड्रग्स बेचने वालों पर रहा। पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े 37 मामले दर्ज किए और 59 तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा। इनके पास से 14 किलो से ज्यादा गांजा, हेरोइन और स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसमें 14 लोगों की गिरफ्तारी के साथ भारी मात्रा में शराब के क्वार्टर जब्त किए गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस को अपराधियों के पास से 2 पिस्टल, 10 चाकू और जिंदा कारतूस मिले हैं। जुए के अड्डों पर भी दबिश दी गई, जहां से 41 लोगों को पकड़कर उनके पास से नकदी बरामद की गई। वाहन चोरी को रोकने के लिए पुलिस ने 178 गाड़ियां जब्त कीं और ऑटो लिफ्टर गैंग के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की 5 गाड़ियां भी बरामद कीं।
इस पूरे मिशन को कामयाब बनाने के लिए पुलिस ने केवल जमीन पर ही नहीं, बल्कि तकनीक का भी सहारा लिया। सीसीटीवी कैमरों और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले और कानून तोड़ने वाले 469 लोगों के चालान भी काटे गए। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस के इस सख्त एक्शन से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।