हिंदी
राष्ट्रीय राजधानी में झमाझम बारिश का येलो अलर्ट (Img: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली-NCR में शनिवार शाम हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। दिन भर तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के बाद शाम को मौसम अचानक बदल गया और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली कड़कने से मौसम सुहावना हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों तक दिल्ली में बारिश का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
शनिवार को मौसम विभाग ने बारिश को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया। पूर्वानुमान में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और साथ ही बिजली कड़कने व बारिश होने की बात कही गई थी। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें - बारिश तेज थी, फिर भी नहीं रुके देवरिया डीएम; गाड़ी रुकवाई और खुद सुनीं लोगों की समस्याएं
मौसम में यह बदलाव उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों के निचले वायुमंडल में बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आया है। इस सिस्टम के कारण दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें - कानपुर में बारिश का असर: ऑफिस-बाजार से लेकर गांव तक जनजीवन प्रभावित, रविवार तक राहत के आसार कम
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा था, हालांकि सुबह के समय मौसम कुछ हद तक सुहावना था। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था जबकि न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के दौरान ह्यूमिडिटी (नमी) का स्तर 57% से 84% के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बादल छाए रहने और बारिश के कारण अगले कुछ दिनों में तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है।
Location : New Delhi
Published : 26 September 2026, 5:32 PM IST