Delhi Weather: ठंड से कांपी राजधानी, दिल्ली में टूटा सर्दी का रिकॉर्ड; IMD का येलो अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। न्यूनतम तापमान 3°C तक गिर गया है। घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए IMD ने 11-12 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन बेहद ठंडे रहने की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 11 January 2026, 7:24 AM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने इस सीजन के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 10-11 जनवरी की रात राजधानी और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सर्दी का अब तक का सबसे कम स्तर है। कड़ाके की सर्दी, घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 और 12 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन लोगों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं और सतर्कता जरूरी है।

ठंड और कोहरे से जनजीवन प्रभावित

शनिवार रात से ही दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर तेज हो गया था। शाम ढलते ही कई इलाकों में घना कोहरा छा गया, जो सुबह तक बना रहा। शीतलहर के चलते पिछले चार दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री तक लुढ़क चुका है। IMD ने इन हालात को “बेहद ठंडा दिन” की श्रेणी में रखा है। रविवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई थी, जिससे उड़ानों पर भी असर पड़ा। बाद में दृश्यता में सुधार होकर 100 मीटर तक पहुंची।

Uttarakhand Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, यलो अलर्ट जारी

तापमान और प्रदूषण की स्थिति

रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 295 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही रही।

  • नोएडा: 18/7 डिग्री, AQI 357
  • गाजियाबाद: 18/6 डिग्री, AQI 374
  • गुरुग्राम: 17/6 डिग्री, AQI 248
  • ग्रेटर नोएडा: 18/6 डिग्री, AQI 261
  • फरीदाबाद: 18/6 डिग्री, AQI 238

लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठंड के असर को और बढ़ा दिया है, जिससे तापमान से ज्यादा ठिठुरन महसूस हो रही है।

येलो अलर्ट और सावधानी की सलाह

IMD के अनुसार 11 और 12 जनवरी को येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इन दिनों न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। सुबह और देर रात कोहरे और शीतलहर का असर सबसे ज्यादा रहेगा। मौसम विभाग ने खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले में निकलते समय गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

Weather Update: कहीं झमाझम बारिश तो कहीं कंपकंपाती ठंड, 15 राज्यों में अलर्ट जारी

कब मिलेगी राहत?

मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद भी जताई है। 13 जनवरी से तापमान में धीरे-धीरे 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि 16 जनवरी तक अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि तब तक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को कड़ाके की ठंड और कोहरे से जूझना पड़ेगा।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 11 January 2026, 7:24 AM IST

Advertisement
Advertisement