Uttarakhand Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, यलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलने लगा है। पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे से हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 31 December 2025, 8:57 AM IST
google-preferred

Dehradun: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट बदलता नजर आ रहा है। जहां मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है, वहीं पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादल छाने के साथ बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में हल्की वृद्धि भी दर्ज की गई है।

पर्वतीय जिलों में बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।

UP Weather Alert: नए साल पर बारिश-कोहरा और कड़ाके की ठंड, 37 जिले शून्य विजिबिलिटी की चपेट में, 100+ ट्रेनें लेट

मैदानी इलाकों में कोहरे की चेतावनी

मैदानी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों में कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यातायात पर असर पड़ रहा है।

सुबह कोहरा, दिन में धूप

मंगलवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह धुंध और घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ तेज धूप खिली, लेकिन कई जगहों पर आंशिक बादल भी देखे गए। धूप निकलने से दिन के तापमान में इजाफा हुआ। ऊधम सिंह नगर को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

पहाड़ों में बर्फबारी के संकेत (Img- Internet)

हवाई और रेल सेवाओं पर असर

मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। देहरादून आने वाली और यहां से जाने वाली करीब 10 उड़ानें मंगलवार को आधे घंटे से लेकर चार घंटे तक की देरी से संचालित हुईं। रेलवे सेवाओं पर भी कोहरे का असर दिखा, जिससे कई ट्रेनों के संचालन में देरी हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

शीत दिवस की स्थिति

ऊधम सिंह नगर जनपद में कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति भी बनी रह सकती है। यहां दिन के समय तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है, जिससे ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार नए साल के पहले दिन गुरुवार को भी पर्वतीय जिलों में मौसम सक्रिय बना रह सकता है।

नए साल पर भी सक्रिय रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश अथवा बर्फबारी हो सकती है। वहीं रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी के आसार बने रहेंगे।

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बर्फबारी और कोहरे के कारण फिसलन और दृश्यता में कमी आ सकती है। मैदानी क्षेत्रों में भी सुबह-शाम वाहन चलाते समय सावधानी रखने की अपील की गई है।

चमोली के पीपलकोटी परियोजना में बड़ा हादसा: अंधेरी सुरंग में टकराईं दो लोको ट्रेनें, 50 से ज्यादा मजदूर घायल

विभिन्न शहरों का तापमान

देहरादून: अधिकतम 23.0°C, न्यूनतम 8.5°C
ऊधम सिंह नगर: अधिकतम 14.4°C, न्यूनतम 10.0°C
मुक्तेश्वर: अधिकतम 19.6°C, न्यूनतम 5.2°C
नई टिहरी: अधिकतम 18.0°C, न्यूनतम 5.6°C

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 31 December 2025, 8:57 AM IST

Advertisement
Advertisement