हिंदी
दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास एक डबल डेकर बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। तेज रफ्तार और ड्राइवर के नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झंडेवालान मंदिर के पास भीषण हादसा (Img: Internet)
New Delhi: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झंडेवालान मंदिर के पास एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना रात करीब 1:10 बजे हुई। बस राजस्थान से दिल्ली आ रही थी और उसमें लगभग 25 यात्री सवार थे। जैसे ही बस करोल बाग स्थित झंडेवालान मंदिर के पास पहुंची, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई।
दमकल विभाग को हादसे की सूचना तुरंत दी गई, जिसके बाद पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया।
11 हजार वोल्ट पर टिका ‘बांस का सहारा’! कोल्हुई में मौत के साए में जी रहे लोग, कब जागेगा बिजली विभाग?
हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद डरावना था। सड़क पर बस की टूटी खिड़कियों के कांच बिखरे पड़े थे। यात्रियों का सामान, जूते-चप्पल और अन्य वस्तुएं चारों ओर फैली हुई थीं। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
घायल यात्री दर्द से कराह रहे थे और मदद के लिए पुकार रहे थे। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस के आने से पहले ही राहत कार्य में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। एक ऑटो चालक ने बताया कि बस करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही थी। गोल चक्कर के पास पहुंचते ही चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस पलट गई।
कुछ लोगों का यह भी कहना है कि चालक को नींद आ जाने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
LPG Crisis: अब टेंशन खत्म? भारत पहुंच रहे गैस से लदे जहाज और… जानें पूरी अपडेट
हादसे के बाद बस में कई यात्री फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। पास में खड़ी एक जेसीबी मशीन की मदद से रस्सियां डालकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बस के पीछे एक बच्चा फंसा हुआ था, जिसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। एक महिला भी बस के अंदर फंसी थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बचाया गया।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।