हिंदी
संसद के बजट सत्र में कांग्रेस और सरकार के बीच टकराव तेज हो गया है। सांसदों के निलंबन, राहुल गांधी को बोलने से रोकने और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर विपक्ष ने संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस सांसदों का जोरदार प्रदर्शन
New Delhi: संसद भवन में बुधवार को कांग्रेस के लोकसभा सांसदों की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रियंका गांधी, मणिकम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, राजा बरार, के. सुरेश सहित कई वरिष्ठ सांसद मौजूद रहे। बैठक का मकसद संसद में फ्लोर मैनेजमेंट और मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर आगे की रणनीति तय करना बताया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी सांसदों के निलंबन और सदन में बोलने के अधिकार को लेकर कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है।
बैठक के बाद कांग्रेस सांसदों ने संसद की सीढ़ियों पर ‘PM is Compromised’ लिखे पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यह नारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा एक दिन पहले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर लगाए गए आरोपों से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार अहम राष्ट्रीय मुद्दों पर संसद में खुली चर्चा से बच रही है और विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।
लोकसभा में हंगामे के बीच कांग्रेस के आठ सांसदों गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, बी. मणिकम टैगोर, डॉ. प्रशांत यादव राव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और एस. वेंकटेशन को संसद के शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। इन सांसदों पर आरोप है कि राहुल गांधी द्वारा चीन का मुद्दा उठाए जाने के दौरान उन्होंने सदन के नियमों का उल्लंघन किया।
Union Budget 2026: बजट में उत्तराखंड को क्या मिला, सुनिए क्या बोले सीएम धामी
विपक्ष का कहना है कि सांसदों का निलंबन और राहुल गांधी को सदन में बोलने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी। स्थगन के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के दोपहर 12 बजे लोकसभा में ट्रेड डील पर बयान देने की संभावना है।
आज संसद भवन परिसर में मकर द्वार पर सस्पेंड किए गए कांग्रेस सांसद विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।@priyankagandhi @INCIndia #CongressProtest #SuspendedMPs #ParliamentNews #IndiaPolitics pic.twitter.com/2WSYUe1Rr7
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 4, 2026
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हुआ था। सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। इसके बाद 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आम बजट 2026 पेश किया। बजट के बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर चर्चा शुरू हुई, जिसमें राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद सदन में भारी हंगामा देखने को मिला।
इसी क्रम में बुधवार, 4 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देने वाले हैं। इससे पहले कांग्रेस सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने तीखा बयान देते हुए कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री भारत की ओर से बोलेंगे या अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों की ओर से। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और सीजफायर के मुद्दे का हवाला देते हुए सरकार की चुप्पी पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस का कहना है कि देश की जनता चाहती है कि हर अहम मुद्दे पर संसद के पटल पर खुलकर चर्चा हो। विपक्ष का दावा है कि इसी उद्देश्य से जनता ने उन्हें चुना है। अब सभी की नजर प्रधानमंत्री के जवाब और सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है।