‘रईस’ समझकर युवक संग भागी कॉलेज छात्रा, सच खुला तो निकला पुताई वाला मजदूर; लगा तगड़ा झटका

शहडोल में सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे छिपे एक बड़े धोखे का खुलासा हुआ है। इंस्टाग्राम पर खुद को करोड़ों की संपत्ति वाला दिखाकर एक युवक ने कॉलेज छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। जांच में सामने आया कि आलीशान जिंदगी दिखाने वाला युवक असल में पुताई का काम करने वाला मजदूर था। पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी की तलाश जारी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 June 2026, 11:21 AM IST
google-preferred

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से सोशल मीडिया के बढ़ते खतरे को उजागर करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम की दुनिया में अपनी फर्जी पहचान और आलीशान जिंदगी का दिखावा कर एक युवक ने कॉलेज की फर्स्ट ईयर की छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। युवक अपनी तस्वीरों और वीडियो के जरिए खुद को बड़े घराने का मालिक बताता था, लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो पूरा मामला उल्टा निकला। जांच में पता चला कि जिस युवक को छात्रा सोशल मीडिया पर बेहद अमीर और रईस समझ रही थी, वह असल में घरों में पुट्टी और पुताई का काम करने वाला मजदूर था।

आलीशान बंगलों की तस्वीरों से बनाता था फर्जी पहचान

पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक की पहचान ग्वालियर जिले के रहने वाले करण धानुक के रूप में हुई है। करण ने इंस्टाग्राम पर अपनी असली पहचान छिपाकर 'करण राजपूत' नाम से फर्जी अकाउंट बना रखा था। आरोपी जब बड़े-बड़े मकानों और कोठियों में पुताई या सजावट का काम करने जाता था, तो वहां की खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो बना लेता था। इसके बाद वह इन्हीं तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर लोगों के सामने एक अलग ही छवि बनाता था। इंस्टाग्राम पर उसकी प्रोफाइल देखकर लगता था कि वह किसी बड़े परिवार से ताल्लुक रखता है और शानदार जिंदगी जीता है। इसी झूठी लाइफस्टाइल ने छात्रा को उसकी ओर आकर्षित किया।

मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा: एक झटके में उजड़ गए 10 परिवार… 30 से ज्यादा घायल, जानें क्या है पूरा मामला

बातचीत से शुरू हुआ रिश्ता

जानकारी के मुताबिक जैतपुर क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा आरोपी के संपर्क में आई। दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे आरोपी ने छात्रा का भरोसा जीत लिया। करण ने अपनी झूठी पहचान और चमकदार जिंदगी की कहानियां सुनाकर छात्रा को अपने साथ चलने के लिए तैयार कर लिया। इसके बाद वह ग्वालियर से ट्रेन और बस बदलते हुए शहडोल के जैतपुर पहुंचा और छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों को जब बेटी के घर नहीं लौटने की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी जब छात्रा का पता नहीं चला तो उन्होंने जैतपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

साइबर जांच से पुलिस पहुंची मुरैना

मामले की गंभीरता को देखते हुए जैतपुर थाना प्रभारी जेपी शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से आरोपी और छात्रा की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू की। मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल जानकारी के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम मुरैना जिले के एक गांव तक पहुंची। जहां से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद छात्रा को उसके परिजनों को सौंप दिया है।

मध्य प्रदेश में युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, असिस्टेंट टाउन प्लानर पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी, पढ़ें डिटेल

पुलिस की भनक लगते ही फरार हुआ आरोपी

हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी करण धानुक वहां से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जांच टीम आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, संपर्कों और पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि उसके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Location :  Madhya Pradesh

Published :  15 June 2026, 11:21 AM IST

Advertisement