मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा: एक झटके में उजड़ गए 10 परिवार… 30 से ज्यादा घायल, जानें क्या है पूरा मामला

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस और पिकअप वाहन की भीषण टक्कर में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 30 से अधिक घायल हो गए। प्रशासन राहत-बचाव में जुटा है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 26 March 2026, 10:49 PM IST
google-preferred

Chhindwara: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मुख्यमंत्री के हितग्राही सम्मेलन में शामिल होकर लौट रहे लोगों से भरी एक बस की नागपुर रोड पर सिमरिया के पास एक पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।

हादसे के वक्त बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू किया गया।

कई गंभीर रूप से घायल

इस दर्दनाक हादसे में बस और पिकअप दोनों के ड्राइवरों समेत कुल 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

Ballia: ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत कैसे? निजी अस्पताल में परिजनों का हंगामा

घायलों में एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि कई लोगों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़क पर चारों ओर मलबा और खून फैला हुआ था। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल और आसपास के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

CM मोहन यादव ने जताया दुख और मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने जबलपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के आदेश भी दिए हैं। साथ ही छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

Road Accident: UP में नहीं थम रहे हादसे! बदायूं में तेज़ रफ़्तार बाइक ने महिला को मारी टक्कर, मचा कोहराम

सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की है। सभी घायलों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग का कंट्रोल रूम बनाकर पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।

तेज रफ्तार और लापरवाही पर शक

प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Location : 
  • Chhindwara

Published : 
  • 26 March 2026, 10:49 PM IST

Advertisement