हिंदी
प्रवक्ता सौरभ दास के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू (img: Dynamite News)
New Delhi: NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके की अगुवाई में हो रहे इस प्रदर्शन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है। इससे पहले 6 जून को भी CJP ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। संगठन का कहना है कि NEET जैसे बड़े एग्जाम से जुड़े सवाल सिर्फ छात्रों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े हैं।
जब सौरभ दास से समाजवादी पार्टी, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों से समर्थन मिलने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि संगठन का मकसद सिर्फ राजनीतिक पार्टियों से समर्थन लेना नहीं है। उन्होंने कहा कि समर्थन पहले से ही चाहिए था, लेकिन यह समर्थन केवल किसी पार्टी से नहीं बल्कि पूरे देश की जनता से मांगा जा रहा है।
कैसे बनी कॉकरोच जनता पार्टी, क्या चुनाव लड़ेगी सीजेपी, अभिजीत दिपके का क्या है भविष्य का प्लान? देखिये इन सवालों के जवाब में डाइनामाइट न्यूज़ से क्या बोले CJP spokesperson Saurabh Das#JantarMantar #Protest #CockroachJanataParty #SaurabhDasInterview @CJP_for_India… pic.twitter.com/g0t47M5HpQ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 20, 2026
सौरभ दास ने कहा कि देश की करीब 65 फीसदी युवा आबादी है और इसी युवा वर्ग की आवाज को आगे लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस युवा आबादी में हर विचारधारा और हर पार्टी से जुड़े लोग हो सकते हैं। चाहे वह कांग्रेस समर्थक हों, बीजेपी समर्थक हों या आम आदमी पार्टी से जुड़े हों, मुद्दा सभी युवाओं के भविष्य का है।
चेहरे बदले, मुद्दा वही… जंतर-मंतर पर NEET विवाद को लेकर छात्रों ने क्यों खोला मोर्चा?
NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर CJP अब तक कई शहरों में प्रदर्शन कर चुकी है। संगठन के मुताबिक पुणे, लखनऊ, अमृतसर, हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर और नागपुर में भी विरोध प्रदर्शन किए गए हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में CJP के प्रवक्ता सौरभ दास भी शामिल हुए। उन्होंने संगठन के आंदोलन और समर्थन को लेकर अपनी बात रखी।
कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की शुरुआत भी अपने आप में चर्चा का विषय रही है। बताया जाता है कि इसकी शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई थी। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कुछ बेरोजगार युवाओं को लेकर टिप्पणी की थी, जिस पर काफी चर्चा हुई। इसके अगले ही दिन 16 मई को अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने CJP की शुरुआत की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संगठन के अकाउंट बनाए।
CJP ने 22 मई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की थी। संगठन का दावा है कि इस याचिका को लाखों लोगों का समर्थन मिला। इसके बाद NEET परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर CJP लगातार अपनी आवाज उठा रही है।
CJP की सोशल मीडिया मौजूदगी भी चर्चा में रही है। संगठन से जुड़े दावों के मुताबिक, 10 जून तक उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुड़े थे। इसके अलावा एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर भी संगठन की मौजूदगी बताई जा रही है। हालांकि सोशल मीडिया फॉलोअर्स को लेकर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं।
NEET परीक्षा को लेकर देशभर में पारदर्शिता, पेपर सुरक्षा और परीक्षा व्यवस्था को लेकर बहस जारी है। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाया जाए। वहीं प्रशासन और संबंधित संस्थाओं की ओर से मामले में उठाए गए कदमों पर भी लगातार चर्चा हो रही है। फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और सभी की नजर इस बात पर है कि आगे सरकार और संबंधित विभाग इस मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं।
Location : New Delhi
Published : 20 June 2026, 2:33 PM IST