हिंदी
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके (Img- X)
New Delhi: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET) में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक विवाद को लेकर छात्रों और युवा संगठनों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। परीक्षा में हुई इस कथित गड़बड़ी के विरोध में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के समर्थक आज यानी शनिवार (20 जून) को देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इस प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है और यह दोपहर 1 बजे से शुरू होगा।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने समर्थकों से इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए एक अनोखी अपील की है। उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से अपने साथ एक थाली और चम्मच लाने को कहा है। दीपके ने वीडियो में कहा, "कल जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले सभी लोगों को अपने साथ थाली और चम्मच लाना चाहिए। बाकी कहानी तो आप जानते ही हैं।" उनका यह इशारा साल 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फ्रंटलाइन वर्कर्स के सम्मान में बर्तन बजाने की अपील की याद दिलाता है।
युवाओं के नेतृत्व वाले इस संगठन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना और दोषियों पर कार्रवाई करना है। CJP इस प्रदर्शन के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की पुरजोर मांग कर रही है। संगठन का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर हुई धांधली के बाद नैतिक आधार पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री को अपने पद से हट जाना चाहिए।
आपको बता दें कि जंतर-मंतर पर आज होने वाला यह प्रदर्शन इस ग्रुप का दिल्ली में दूसरा बड़ा विरोध-प्रदर्शन है। इससे पहले 6 जून को भी CJP ने इसी जगह पर नीट धांधली के खिलाफ आवाज उठाई थी। दिल्ली के अलावा यह संगठन देश के कई अन्य बड़े शहरों जैसे पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु, हैदराबाद और जयपुर में भी सफलतापूर्वक विरोध-प्रदर्शन आयोजित कर चुका है।
अभिजीत दीपके ने इस संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक भावुक अपील भी की है। उन्होंने मांग की है कि परीक्षा से जुड़े विवादों और मानसिक तनाव के कारण जिन छात्रों ने कथित तौर पर आत्महत्या की है, उनके परिवारों को सरकार की तरफ से 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
CJP Founder Abhijeet Dipke Slapped: सीजेपी संस्थापक अभिजीत का हमले के बाद बड़ा बयान, जानिये क्या कहा
दीपके ने दावा किया कि परीक्षा में गड़बड़ी और दोबारा परीक्षा होने की अनिश्चितता के कारण अब तक 11 छात्र अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें से 5 मौतें पिछले 48 घंटों में ही हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस अनिश्चितता ने छात्रों के बीच चिंता और अवसाद को बेहद बढ़ा दिया है, जिस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।
Location : New Delhi
Published : 20 June 2026, 8:10 AM IST