

ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में हरियाली तीज का पर्व पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंग में डूबा नजर आया। महिलाओं ने मेहंदी, रैंप वॉक, डांस और झूलों के साथ सावन का स्वागत किया।
तीज उत्सव की शोभा बनीं निपुणिका साहनी
Noida: हरियाली तीज के रंगारंग आयोजन में जहां ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही, वहीं इस उत्सव की शोभा बनीं निपुणिका सहगल साहनी। अपने आकर्षक अंदाज, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी का मन मोहते हुए उन्होंने 'हरियाली तीज क्वीन' का खिताब अपने नाम किया। आयोजन के दौरान उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया, जो न केवल उनके लिए गर्व का क्षण था, बल्कि पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण भी बना।
सावन का महीना आते ही प्रकृति हरी-भरी चूनर ओढ़ लेती है और इसी हरियाली का उत्सव है 'हरियाली तीज', जिसे लेकर ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में रविवार को जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों, मेहंदी की खुशबू, झूलों की मस्ती और गीत-संगीत की गूंज ने आधुनिक सोसाइटीज को एक दिन के लिए पूरी तरह पारंपरिक रंग में रंग दिया।
हरियाली तीज का रंगारंग आयोजन
ग्रेटर नोएडा की प्रमुख हाउसिंग सोसाइटियों जैसे गौड़ सिटी-2 की संस्कृति विहार, पंचशील ग्रींस-1, एसकेए मेट्रो विले, अल्फा-2 और रक्षा एडेला में हरियाली तीज का भव्य आयोजन किया गया। इन आयोजनों में महिलाओं ने पारंपरिक लिबास में सज-धज कर पूरे उत्सव को जीवंत कर दिया। सोसाइटी के पार्क झूलों से सज गए और सावन के गीतों की मधुर ध्वनि ने माहौल में अलग ही ऊर्जा भर दी।
हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन सीमा टंडन और डॉ. अर्चना सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें 35 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। निपुणिका सहगल को 'तीज की रानी' का ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कविताओं, चुटकुलों और नृत्य ने माहौल को आनंदमय बना दिया।
सीमा टन्डन और डॉ0 अर्चना सिंह के नेतृत्व में धूम-धाम से मना तीज
गौड़ सिटी-2 की संस्कृति विहार सोसाइटी में महिलाओं ने मेहंदी प्रतियोगिता, रैंप वॉक, गेम्स और डांस जैसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक गीतों की धुन पर झूलते हुए महिलाओं ने सावन के उत्सव को जीवंत कर दिया। एओए उपाध्यक्ष सुनैना मिश्रा ने बताया कि हरियाली तीज महिलाओं के लिए आत्मिक आनंद और परंपरा से जुड़ने का पर्व है, जिसे वे पूरे साल बेसब्री से इंतजार करती हैं।
रक्षा एडेला सोसाइटी में ढोल-ताशे, डीजे, झूले, खाने-पीने के स्टॉल, गेम्स और यहां तक कि कैमल राइड तक की व्यवस्था की गई। एओए उपाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने बताया कि हर साल यह आयोजन और भव्य होता जा रहा है और अब यह पूरे समुदाय का प्रतीक बन चुका है।
एसकेए मेट्रो विले सोसाइटी में हुए कार्यक्रम में दादरी चेयरमैन गीता पंडित, भाजपा अध्यक्ष अभिषेक शर्मा और अलकेश पाराशर जैसे गणमान्य अतिथि शामिल हुए। इस मौके पर महिलाओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए, रैंप वॉक किया और सावन के गीतों पर नृत्य कर सबका मन मोह लिया।
यहां महिलाओं ने पारंपरिक श्रृंगार में माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा की। किरन खारी, मधु वर्मा, कल्पना मिश्रा और सोनिया वर्मा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा में शामिल हुईं। पूजा के बाद खेल-कूद और भोज का आयोजन हुआ।
हरियाली तीज पर झूमती महिलाएं, सजते झूले और गूंजते गीत... सावन की हरियाली के साथ जब संस्कार और उत्सव का संगम होता है, तो समाज में एक नई ऊर्जा और सौंदर्य का संचार होता है, ठीक वैसा ही दृश्य इस बार ग्रेटर नोएडा में देखने को मिला।