Gold Price: भारत में सोने की महंगाई से हाहाकार, लेकिन इस पड़ोसी देश में मिल रहा है सबसे सस्ता सोना

भारत में सोने की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर बोझ डाल दिया है। वहीं पड़ोसी देश भूटान में सोना टैक्स-फ्री और बेहद सस्ते दामों पर आसानी से मिल रहा है।

Updated : 28 July 2025, 12:37 PM IST
google-preferred

New Delhi: आज के समय में सोना केवल एक आभूषण नहीं, बल्कि निवेश और परंपरा का प्रतीक बन चुका है। भारत में तो सोने की मांग हमेशा से ही उच्च रही है, खासकर महिलाओं के बीच इसकी लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। शादियों, त्योहारों और खास मौकों पर सोना खरीदना एक परंपरा सी बन गई है। लेकिन बीते कुछ सालों में सोने की कीमतों में इतनी तेजी से इजाफा हुआ है कि आम आदमी के लिए इसे खरीदना मुश्किल होता जा रहा है।

आमतौर पर जब लोग सस्ते सोने की बात करते हैं तो सबसे पहले नाम आता है दुबई का। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक ऐसा देश भी है जहां दुबई से भी सस्ता सोना मिलता है? यह देश है भारत का पड़ोसी भूटान। भूटान में सोना न केवल सस्ता है, बल्कि वहां से सोना खरीदने पर टैक्स और शुल्क भी काफी कम लगते हैं।

क्यों सस्ता है भूटान में सोना?

भूटान में सोना टैक्स-फ्री है। यहां सोने की खरीद पर किसी प्रकार का जीएसटी या अन्य स्थानीय टैक्स नहीं लगता, जिससे इसकी कीमत खुद-ब-खुद कम हो जाती है। इसके अलावा, भूटान में सोने की इम्पोर्ट ड्यूटी भी अन्य देशों की तुलना में काफी कम है, जिससे वहां के मार्केट में सोना सस्ता बिकता है।

Bhutan Gold

टैक्स-फ्री गोल्ड (फोटो सोर्स-इंटरनेट)

दुबई जैसे देशों में भी सोना सस्ता माना जाता है, लेकिन भूटान की टैक्स नीतियों और सीमा शुल्क में छूट के कारण वहां सोना उससे भी कम दाम में मिल जाता है। यही कारण है कि अब कई लोग भूटान से सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं।

भूटान से सोना खरीदने के नियम

हालांकि भूटान से सोना खरीदना आसान है, लेकिन इसके लिए कुछ नियम और शर्तों का पालन करना जरूरी है। सबसे पहली शर्त यह है कि कोई भी व्यक्ति तभी भूटान से सोना खरीद सकता है जब वह वहां की सरकार से मान्यता प्राप्त होटल में कम से कम एक रात रुकता है। बिना ठहरे कोई भी पर्यटक भूटान से सोना नहीं खरीद सकता।

इसके अलावा, भारत सरकार ने यह भी तय कर रखा है कि कोई भी व्यक्ति भूटान से भारत में केवल 26 ग्राम तक ही सोना ला सकता है। अगर आप इस सीमा से अधिक सोना लाते हैं तो यह गैरकानूनी माना जाएगा और आपको भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके साथ ही कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।

भूटान में मिल रहा है टैक्स-फ्री सस्ता गोल्ड

भूटान में सस्ते सोने की उपलब्धता उन लोगों के लिए एक सुनहरा मौका हो सकती है जो कम बजट में अच्छा सोना खरीदना चाहते हैं। खासकर सीमावर्ती राज्यों के लोग इसका लाभ उठा सकते हैं। लेकिन सोना खरीदने से पहले सभी नियमों और शर्तों की जानकारी लेना जरूरी है ताकि कोई कानूनी परेशानी न हो।

अगर आप भी सोने के बढ़ते दामों से परेशान हैं और सस्ते में सोना खरीदना चाहते हैं, तो भूटान आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। लेकिन याद रखें, नियमों का पालन करते हुए ही यह लाभ आपके लिए सुरक्षित रहेगा।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 28 July 2025, 12:37 PM IST