हिंदी
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जारी असमंजस के बीच श्रीलंका ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के फैसले को गलत बताया है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने के निर्णय पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे न केवल क्रिकेट बल्कि अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी नुकसान होगा। SLC अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने PCB से फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील।
भारत-पाक मैच पर बड़ा बयान (Image Source: Google )
New Delhi: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला हमेशा से क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है। आईसीसी द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भारत के खिलाफ न खेलने के फैसले ने पूरे टूर्नामेंट पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी मुद्दे पर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने खुलकर पाकिस्तान का विरोध किया है।
SLC अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने PCB को पत्र लिखकर कहा कि भारत-पाक मैच न होने से गंभीर आर्थिक नुकसान होगा। ब्रॉडकास्ट राइट्स, टिकट बिक्री, विज्ञापन और प्रायोजकों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी चेताया कि इस फैसले के दूरगामी दुष्परिणाम केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेंगे।
शम्मी सिल्वा ने अपने पत्र में खास तौर पर श्रीलंका की अर्थव्यवस्था का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी दर्शक कोलंबो पहुंचते हैं, जिससे होटल, ट्रैवल, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यापार को बड़ा लाभ होता है। यदि यह मैच नहीं खेला गया तो पर्यटन उद्योग को भारी झटका लग सकता है।
श्रीलंका पहले ही आर्थिक संकट के दौर से गुजर चुका है और ऐसे में बड़े क्रिकेट आयोजनों से मिलने वाली आमदनी बेहद अहम है। SLC का मानना है कि राजनीतिक या प्रशासनिक कारणों से क्रिकेट को नुकसान पहुंचाना किसी भी देश के हित में नहीं है।
अपने पत्र में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान को पुराने सहयोग की याद भी दिलाई है। SLC ने उल्लेख किया कि पिछले साल नवंबर में इस्लामाबाद में बम धमाके के बाद श्रीलंका टीम के कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान छोड़कर लौटना चाहते थे। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने हालात की गंभीरता के बावजूद अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान में ही रुककर सीरीज पूरी करने का निर्देश दिया था।
शम्मी सिल्वा ने कहा कि श्रीलंका ने हमेशा पाकिस्तान का साथ दिया है और अब उसी तरह के सहयोग की उम्मीद PCB से भी की जा रही है। SLC ने यह भी स्पष्ट किया कि कोलंबो में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मैचों के लिए सभी टीमों और खिलाड़ियों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
UP Crime News: लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर दिखा हाईवोल्टेज ड्रामा, टोल कर्मियों ने काटा जमकर बवाल
गौरतलब है कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि टीम इंडिया 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले के लिए मैदान में उतरेगी। अब सबकी निगाहें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अगले कदम पर टिकी हैं कि वह श्रीलंका की अपील को स्वीकार करता है या नहीं। यदि PCB ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो इसका असर पूरे टूर्नामेंट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की साख पर पड़ सकता है।