हिंदी
भदराज ट्रेक पर भटके 10 युवकों का रेस्क्यू
Dehradun: दिन हो या रात, दून पुलिस हर पल जनता के साथ खड़ी नजर आती है। इसी का ताजा उदाहरण सहसपुर क्षेत्र में देखने को मिला, जहां भदराज ट्रेकिंग रूट पर पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच फंसे 10 युवकों को दून पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकालकर एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, 10 युवक भदराज ट्रेकिंग के लिए गए थे। शाम ढलने के बाद अंधेरा बढ़ने लगा और इसी दौरान युवक अपने निर्धारित ट्रेकिंग रूट से भटककर जंगल के भीतर चले गए। रात का अंधेरा और अनजान रास्ते के कारण युवकों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था।
घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से थाना सहसपुर को मिली। सूचना में बताया गया कि करीब 10 युवक जंगल में फंस गए हैं और उन्हें अपने लोकेशन या रास्ते की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सहसपुर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
Uttarakhand Bus Accident: देहरादून के पास HRTC की बस खाई में समाई, 4 की मौत, पढ़ें पूरी खबर
प्रभारी निरीक्षक सहसपुर द्वारा तुरंत एक रेस्क्यू टीम का गठन किया गया। टीम को आवश्यक राहत और बचाव उपकरणों के साथ भदराज ट्रेकिंग रूट के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने समय गंवाए बिना सर्च अभियान शुरू किया।
सहसपुर थाना
रेस्क्यू टीम कोटी गांव पहुंची, जहां वन विभाग के वीट अधिकारी और स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग लिया गया। जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अभियान काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर सर्च अभियान को आगे बढ़ाया।
काफी देर की तलाश और कठिन परिश्रम के बाद पुलिस टीम ने कोटी गांव से लगभग तीन किलोमीटर ऊपर भदराज जंगल ट्रेक में सभी 10 युवकों को सकुशल खोज निकाला। रात के अंधेरे, ऊबड़-खाबड़ रास्तों और घने जंगल के बावजूद पुलिस ने साहस और सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए युवकों में अभिषेक चौहान, हेमंत, प्रिंस वर्मा, शिवम, अर्चित, सक्षम घई, मयंक राय, शिवाशु, हर्षित और उज्जवल शामिल हैं। सभी युवक देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं और उनकी उम्र 16 से 29 वर्ष के बीच बताई गई है।
Ankita Bhandari Murder Case: अंकिता भंडारी हत्या मामले की जांच सीबीआई के जिम्मे, देहरादून पहुंची टीम
रेस्क्यू के बाद सभी युवकों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है और किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
देर रात्रि पुलिस द्वारा मिली तत्काल सहायता से युवकों ने राहत की सांस ली और दून पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर पुलिस की मदद न मिलती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
Location : Dehradun
Published : 6 February 2026, 4:39 PM IST