जसवंतनगर में दर्दनाक हादसा: रायफल रिन्यूवल के दौरान बिगड़ी तबीयत, सेवानिवृत्त सैनिक ने तोड़ा दम

जसवंतनगर तहसील परिसर में रायफल रिन्यूवल के लिए पहुंचे 68 वर्षीय सेवानिवृत्त सैनिक इंद्रपाल सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। गर्मी के बीच चक्कर आने के बाद वह गश खाकर गिर पड़े थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 8 June 2026, 6:10 PM IST
google-preferred

Etawah: जसवंतनगर तहसील परिसर सोमवार को उस वक्त दहशत और अफरा-तफरी में बदल गया, जब रायफल रिन्यूवल के लिए आए एक सेवानिवृत्त सैनिक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह देखते ही देखते जमीन पर गिर पड़े। कुछ ही पलों में उनकी सांसें थम गईं और पूरे परिसर में चीख-पुकार मच गई। भीषण गर्मी और अचानक हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

रायफल रिन्यूवल के लिए पहुंचे थे तहसील

नगर के मोहल्ला रेलमंडी निवासी 68 वर्षीय इंद्रपाल सिंह, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे, सोमवार को मॉडल तहसील पहुंचे थे। वह अपनी रायफल के लाइसेंस रिन्यूवल से जुड़ा कार्य पूरा कराने के लिए एक वकील के बस्ते पर फार्म भरवा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तहसील परिसर में उस समय काफी भीड़ थी और मौसम भी बेहद गर्म और उमस भरा था।

इटावा-भिंड मार्ग पर हाहाकार, चंबल पुल एक्सीडेंट के बाद दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें

अधिकारियों की तत्परता से अस्पताल पहुंचाया गया

घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार अभिजीत गौरव और नायब तहसीलदार नेहा सचान मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए देरी नहीं की और अपनी सरकारी गाड़ी से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यह पूरा घटनाक्रम कुछ ही मिनटों में हुआ, लेकिन तब तक इंद्रपाल सिंह की हालत काफी बिगड़ चुकी थी।

सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. विकास अग्निहोत्री ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर सामने आई, अस्पताल परिसर में सन्नाटा पसर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि परिजनों ने बताया कि वह अस्थमा से भी पीड़ित थे।

शिवपाल यादव के गढ़ में ओवैसी की एंट्री, AIMIM ने इटावा की 3 सीटों पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान

परिवार में मचा कोहराम

मृतक की पहचान होते ही परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। जैसे ही उन्होंने इंद्रपाल सिंह का शव देखा, वहां चीख-पुकार मच गई। पत्नी रामकांति बेसुध हो गईं, जबकि बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।

पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम

घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल इसे अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने और हार्ट अटैक का मामला माना जा रहा है।

Location :  Etawah

Published :  8 June 2026, 6:10 PM IST

Advertisement