हिंदी
इटावा में ओवैसी का मास्टरस्ट्रोक
Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिशों के बीच AIMIM ने अब समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाने वाले इटावा में भी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। जिले में पार्टी के प्रचार संबंधी पोस्टर लगाए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार, AIMIM के जिला नेतृत्व ने दावा किया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में इटावा जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इनमें जसवंतनगर विधानसभा सीट भी शामिल बताई जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है।
AIMIM की सक्रियता को लेकर जिले की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे जिले में संगठन को मजबूत करने और विभिन्न वर्गों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए अभियान चला रहे हैं।
Uttar Pradesh: उच्च शिक्षा में फेरबदल, राजकीय महाविद्यालयों के 91 प्रोफेसरों का तबादला
वहीं, इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है। सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ने AIMIM प्रमुख Asaduddin Owaisi पर निशाना साधते हुए उन्हें भाजपा का "पोषित नेता" बताया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में AIMIM चुनाव लड़ती है, वहां विपक्षी वोटों का बंटवारा होता है और इसका लाभ भाजपा को मिलता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि AIMIM जिले में सक्रिय रूप से चुनावी मैदान में उतरती है तो स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर इसका असर पड़ सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक प्रभाव चुनाव के दौरान ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल AIMIM की एंट्री और तीन सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा ने इटावा की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे दिया है, जिससे आगामी चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
Location : Uttar Pradesh
Published : 3 June 2026, 1:27 PM IST