इटावा में श्राद्ध का खाना बनाते समय भीषण आग, दो महिलाओं समेत चार झुलसे; तीन सैफई रेफर

इटावा के भरथना कस्बे के शुक्लागंज मोहल्ले में श्राद्ध का खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में लीकेज से आग लग गई। हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोग झुलस गए, जबकि एक बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। तीन घायलों को पीजीआई सैफई रेफर किया गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 10 October 2026, 10:09 AM IST
google-preferred

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना कस्बे में शनिवार सुबह एक रिहायशी भवन में श्राद्ध का खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में लीकेज के कारण आग लग गई। हादसे में खाना बना रही दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में दो पुरुष भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं, अफरा-तफरी के दौरान एक बुजुर्ग महिला सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई सैफई रेफर किया गया है।

सुबह करीब 7:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा भरथना कस्बे के मोहल्ला शुक्लागंज में शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। स्थानीय निवासी गणेश गुप्ता पुत्र जगतानंद ने बताया कि उनके छोटे भाइयों की पत्नियां रश्मि देवी (42), पत्नी दीपक गुप्ता, और रानी देवी (46), पत्नी प्रेम किशोर, श्राद्ध के लिए रसोई में खाना बना रही थीं।

इसी दौरान गैस सिलेंडर में लगे रेगुलेटर में लीकेज होने के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।

महिलाओं को बचाने पहुंचे दो पुरुष भी झुलसे

रसोई में आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं को बचाने के प्रयास में प्रभाकर गुप्ता (40) और दीपक गुप्ता (45) भी झुलस गए। घर में मौजूद बच्चों और अन्य परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।

वहीं, अफरा-तफरी के दौरान बुजुर्ग लीला देवी सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गईं।

तीन घायलों को पीजीआई सैफई किया गया रेफर

हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाया।

सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं समेत तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया।

Location :  Etawah

Published :  10 October 2026, 10:09 AM IST

Advertisement