ना हैकिंग, ना हाई-टेक गैजेट… जूतों में छिपाकर लीक हुआ Maharashtra TET का पूरा क्वेश्चन पेपर

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (Maha TET) पेपर लीक मामले की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में कई आरोपियों की भूमिका सामने आई है। यहां पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 4 August 2026, 1:20 PM IST
google-preferred

New Delhi:  महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (Maha TET) पेपर लीक मामले की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच के दौरान आरोपियों ने बताया कि प्रश्नपत्र प्रिंटिंग प्रेस से लीक किया गया था। खराब प्रिंट वाले प्रश्नपत्रों को नष्ट करने के बजाय उन्हें कूड़ेदान से निकालकर जूतों में छिपाया गया और फिर कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचाया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, प्रिंटिंग प्रेस में जिन प्रश्नपत्रों में प्रिंटिंग की त्रुटि या स्याही की कमी होती थी, उन्हें डिस्पोजल बॉक्स में डाल दिया जाता था। इन प्रश्नपत्रों को बाद में नष्ट किया जाना था, लेकिन वहां निगरानी पूरी तरह मजबूत नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर दो कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकाल लिया।

यहां भी पढ़ें: The MTA Speaks: क्या अब नहीं होगा पेपर लीक? नए कानून के हर नियम, सजा और पूरी टाइमलाइन का पढ़ें पूरा विश्लेषण

जूते में छिपाकर निकाले गए पेपर

जांच में सामने आया कि प्रिंटिंग प्रेस में लंबे समय से कार्यरत बाबूलाल कुशवाहा ने अस्थायी कर्मचारी नरेश कुमार महौर उर्फ निक्की की मदद से खराब प्रश्नपत्रों को जूतों के तलवों के नीचे छिपाकर प्रेस से बाहर निकाला। इसके बाद ये प्रश्नपत्र अलग-अलग लोगों के माध्यम से कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचाए गए।

इस तरह मास्टरमाइंड तक पहुंचा पेपर

पुलिस के अनुसार, सबसे पहले पेपर प्रिंटिंग प्रेस के पूर्व कर्मचारी सोनू दिवाकर को दिया गया। इसके बाद सोनू ने इसे संजय शर्मा के पास पहुंचाया और अंत में कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता तक प्रश्नपत्र पहुंचा। जांच में यह भी सामने आया कि बिजेंद्र ने पहले से ही सोनू को परीक्षा पत्रों की छपाई पर नजर रखने और सूचना देने की जिम्मेदारी दी थी।

पैसों के लालच में किया पेपर लीक

जांच में पता चला कि बाबूलाल कुशवाहा पिछले करीब 20 वर्षों से प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत था और उसे लगभग 15 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था। वहीं अस्थायी कर्मचारी निक्की को 45 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से भुगतान होता था। पुलिस का कहना है कि दोनों को अधिक पैसों का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया गया।

यहां भी पढ़ें: पेपर लीक और रोजगार पर राहुल गांधी का बड़ा दांव! 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों से सीधा संवाद

अन्य परीक्षाओं की भी जांच

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी अन्य परीक्षा पेपर लीक से तो नहीं है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  4 August 2026, 1:20 PM IST

Related News

Advertisement