इलाज के नाम पर धोखाधड़ी, तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर 1.07 करोड़ ठगे

हरियाणा के कैथल जिले में एक महिला तांत्रिक और उसके परिवार द्वारा 1.07 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को बहलाकर1.07 करोड़ रुपये ऐंठे गए। इस रिपोर्ट में जानिए कैसे पूरा गिरोह काम करता था, पीड़ित की कहानी और पुलिस की कार्रवाई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 April 2026, 1:34 PM IST
google-preferred

Haryana: बीमारी, डर और अंधविश्वास… इन तीन हथियारों के दम पर एक परिवार ने ऐसा जाल बुना कि लोग अपनी जिंदगी भर की कमाई लुटाते चले गए। हरियाणा के कैथल जिले में सामने आए इस सनसनीखेज ठगी कांड ने ना सिर्फ पुलिस बल्कि आम लोगों को भी हिला कर रख दिया है। तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर करोड़ों की वसूली का यह खेल इतने शातिर तरीके से खेला जा रहा था कि किसी को भनक तक नहीं लगी।

कैथल में करोड़ों की ठगी का खुलासा

हरियाणा के कैथल जिले में महिला तांत्रिक और उसके पूरे परिवार पर 1.07 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने सुमन उर्फ शक्ति देवी, उसके पति बलराज बेनीवाल, बेटे वंश और सहयोगी संजीव कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।

ऐसे चलता था पूरा खेल

पीड़ितों के मुताबिक, सुमन खुद को तांत्रिक बताकर लोगों को उनके जीवन की समस्याओं का समाधान देने का दावा करती थी। वह बीमारी, ग्रह-नक्षत्र और जादू-टोना का डर दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। उसका पति बलराज बेनीवाल लोगों से नकद पैसे, जेवर और अन्य कीमती सामान इकट्ठा करता था। बेटा वंश पूरे पैसे का हिसाब-किताब और कैश मैनेजमेंट संभालता था। वहीं संजीव कुमार का काम नए लोगों को ढूंढना और उन्हें झांसे में लेकर सुमन तक पहुंचाना था।

गुरुग्राम दुष्कर्म केस पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, हरियाणा पुलिस को लगाई फटकार; जानिये पूरा मामला

दान के नाम पर लाखों की वसूली

आरोप है कि यह गिरोह ‘दान’ और ‘पूजा’ के नाम पर लोगों से 51 हजार रुपये तक वसूलता था। धीरे-धीरे यह रकम लाखों और फिर करोड़ों तक पहुंच जाती थी। बताया जा रहा है कि अब तक 100 से ज्यादा लोग इस गिरोह का शिकार बन चुके हैं। कैथल के बुड्ढा खेड़ा गांव में सुमन का पुराना दो मंजिला मकान है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार की छवि पहले काफी अच्छी थी, इसलिए किसी को उन पर शक नहीं हुआ।

जमीन बेचकर दिए 83 लाख

इस मामले की शिकायत सांघन गांव निवासी अमनदीप सिंह ने 8 अप्रैल 2026 को दर्ज कराई। अमनदीप के अनुसार, उनके पिता लंबे समय से बीमार थे और इलाज का असर नहीं हो रहा था। इसी बीच एक जानकार के जरिए वे सुमन के संपर्क में आए। सुमन ने उन्हें बताया कि उनके घर पर जादू-टोना किया गया है और इसे खत्म करने के लिए विशेष तांत्रिक क्रियाएं करनी होंगी। इसके बाद शुरू हुआ पैसों की मांग का सिलसिला, जो लगातार बढ़ता चला गया। अमनदीप ने अपने पिता के इलाज और ‘उपचार’ के नाम पर अपनी जमीन तक बेच दी और करीब 83 लाख रुपये सुमन को दे दिए। बाकी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर और जेवर के रूप में दी गई।

सीरिंज से निकाला गया खून

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सुमन उन्हें अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर लेकर गई, जहां तांत्रिक अनुष्ठानों के नाम पर उनके साथ अजीबोगरीब क्रियाएं की गईं। यहां तक कि सीरिंज से उनका खून तक निकाला गया, जिसे ‘बलि’ और ‘उपचार’ का हिस्सा बताया गया।

रोहित शेट्टी हाउस फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट: हरियाणा में पकड़े गया शूटर, जानें अबतक कितने हुए गिरफ्तार?

धमकी और डर का खेल

जब लंबे समय तक कोई फायदा नहीं हुआ और पैसों की मांग लगातार बढ़ती गई, तब पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोप है कि सुमन ने उन्हें जादू-टोना के जरिए नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी संपत्ति की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसे जल्द उजागर किया जाएगा।

Location :  Haryana

Published :  10 April 2026, 1:34 PM IST

Advertisement