हिंदी
पानी से भरे गड्ढे में डूबने से किशन की मौत (img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सिसवा बाजार के लक्ष्मीबाई नगर वार्ड के लोहेपार में शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट-भट्टे के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाते समय 12 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के हजारीपुर निवासी स्वर्गीय अशोक का 12 वर्षीय बेटा किशन पिछले महीने सिसवा के लोहेपार स्थित अपने मौसा सुरेंद्र के घर आया था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे किशन मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ ईंट-भट्टे के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाने चला गया।
क्या पता था कि कोल्हुई से वापसी की यह रात बनेगी जिंदगी का आखिरी सफर? महराजगंज में खौफनाक हादसा
नहाने के दौरान किशन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। इसके बाद लोगों ने काफी प्रयास कर किशन को पानी से बाहर निकाला और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजन आनन-फानन में किशन को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशन की मौत की खबर मिलते ही गोरखपुर में रह रही उसकी मां पूनम और बहनों सोनी व मोनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस सीएचसी पहुंची और घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की है। नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। किशोर की अचानक हुई मौत से परिवार और आसपास के लोगों में शोक व्याप्त है।
Location : Maharajganj
Published : 3 October 2026, 7:55 PM IST
Topics : Child Drowning Drowning Accident Kishan Death Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Water Filled Pit