हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Indore: इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार बस की टक्कर में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के करीबी रिश्तेदार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर हड़कंप मच गया और रातों-रात शव को विशेष विमान से दिल्ली रवाना करना पड़ा।
यह दर्दनाक घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे शिप्रा थाना क्षेत्र के पास हुई। मृतक प्रशांत सिंह अपने कुछ परिचितों के साथ किसी निजी काम से देवास आए हुए थे और लौटते समय इंदौर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने सड़क किनारे अपनी कार रोकी और जैसे ही वे वापस वाहन में बैठने लगे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 29 वर्षीय प्रशांत सिंह के रूप में हुई है। वे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र के गायघाट गांव के रहने वाले थे। पारिवारिक संबंधों के अनुसार प्रशांत के पिता प्रदीप सिंह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्ते में भाई लगते हैं। इस कारण प्रशांत को उनका करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है।
आग का तांडव: सोते रह गए लोग, आग ने ले ली जान; बिहार से इलाज के लिए आया था इंदौर का सेठिया परिवार
टक्कर लगते ही प्रशांत के सिर में गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद लोग तुरंत उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद अस्पताल में मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। अस्पताल में सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर समेत कई भाजपा नेता और स्थानीय कार्यकर्ता पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष अनुमति लेकर रात करीब 3 बजे ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई।
हादसे के बाद शुक्रवार सुबह मृतक के शव को विशेष विमान के जरिए दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया। इसके बाद जानकारी दी गई कि अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को प्रशासन ने संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए तेजी से पूरा किया।
हादसे को अंजाम देने के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब फरार चालक व बस की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Location : Indore
Published : 12 June 2026, 2:14 PM IST