आग का तांडव: सोते रह गए लोग, आग ने ले ली जान; बिहार से इलाज के लिए आया था इंदौर का सेठिया परिवार

इंदौर में बुधवार तड़के हुए दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया। इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने 8 लोगों की जान ले ली, जिसमें बिहार के एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के खत्म होने की कहानी है, बल्कि ईवी सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े करती है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 March 2026, 1:31 PM IST
google-preferred

Indore: इंदौर की एक शांत कॉलोनी में बुधवार तड़के अचानक ऐसा मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। लोग गहरी नींद में थे, तभी एक चिंगारी ने देखते ही देखते मौत का रूप ले लिया। चीखें उठीं, आग भड़की और कुछ ही मिनटों में पूरा घर जलती हुई लपटों में समा गया। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। यह हादसा नहीं, बल्कि एक ऐसी त्रासदी बन गया जिसमें पूरा परिवार खत्म हो गया।

एक चिंगारी से मचा हाहाकार

यह दर्दनाक घटना इंदौर के बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में हुई। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 4 बजे घर के बाहर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शुरुआत में मामूली आग लगी, लेकिन कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि तीन मंजिला मकान पूरी तरह उसकी चपेट में आ गया। घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए और एक के बाद एक धमाके होने लगे। इन धमाकों की वजह से मकान का एक हिस्सा भी गिर गया, जिससे अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया।

8 जिंदगियां खत्म

इस भयावह हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें बिहार के किशनगंज जिले के 6 सदस्य शामिल हैं। मृतकों में विजय सेठिया, मनोज सेठिया, सुमन सेठिया, सिमरन सेठिया, छोटू सेठिया और राशि सेठिया शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विजय सेठिया लंबे समय से बीमार थे और इलाज के सिलसिले में अपने परिवार के साथ इंदौर आए हुए थे। वे अपने रिश्तेदार के घर रुके थे, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

इंदौर नगर निगम को मिला नया कमिश्नर, क्षितिज सिंघल संभालेंगे कमान; दूषित पानी कांड में सरकार का सख्त फैसला

किशनगंज में पसरा मातम

जैसे ही इस हादसे की खबर बिहार के किशनगंज पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत की खबर ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। परिजन तुरंत इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। गांव और शहर में हर तरफ सन्नाटा और दुख का माहौल है।

जांच में जुटा प्रशासन

हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक कार की बैटरी में शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की जांच जरूरी है।

इंदौर में भीषण हादसा: बस खाई में गिरने से 3 यात्रियों की मौत, 38 घायल; सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

सीएम और नेताओं ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। वहीं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी इस घटना को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने इस मामले में एक्सपर्ट कमेटी बनाने और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने की बात कही, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।

ईवी सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या चार्जिंग के दौरान पर्याप्त सावधानी बरती जा रही है? क्या सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है? ये सवाल अब हर किसी के मन में हैं।

Location : 
  • Indore

Published : 
  • 18 March 2026, 1:31 PM IST

Advertisement