Raebareli News: होटल में चार्जर लगाते वक्त युवक को लगा करंट, 10 साल से कर रहा था काम

रायबरेली के लालगंज कस्बे में होटल कर्मचारी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। युवक बोर्ड में चार्जर लगा रहा था तभी अचानक वह बिजली की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है, वहीं होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Raebareli: रायबरेली जिले के लालगंज कस्बे में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। एक मामूली सी लापरवाही ने 30 वर्षीय युवक की जान ले ली। होटल में काम करने के दौरान बोर्ड में चार्जर लगाते समय युवक अचानक करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने आनन-फानन में युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चार्जर लगाते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, लालगंज कस्बे के आचार्यनगर निवासी अजय प्रजापति (30) पिछले करीब 10 वर्षों से प्रताप होटल में खाना बनाने का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह होटल में काम कर रहे थे। इसी दौरान बोर्ड में चार्जर लगाने के लिए जैसे ही उन्होंने हाथ लगाया, अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद होटल कर्मचारियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लेकर पहुंचे।

रायबरेली में शव आया घर तो भड़क उठा परिवार, अंतिम संस्कार से किया इनकार… पुलिस के सामने रखी ये मांग

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अजय की हालत गंभीर थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अजय लंबे समय से होटल में काम कर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे। उनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल होटल में बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो गया है। लोगों का कहना है कि अगर बिजली उपकरणों और वायरिंग की सही जांच होती तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि हादसा सिर्फ तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या फिर कहीं लापरवाही भी सामने आती है।

यूपी में गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, वाराणसी, मिर्जापुर समेत कई जिलों के अचानक बदले गये अनुदेशक, जानिये क्यों

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। लालगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अजय प्रजापति पुत्र सत्यदेव निवासी आचार्यनगर के रूप में हुई है। वह लंबे समय से प्रताप होटल में काम कर रहा था। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई है। परिजनों की इच्छा के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो उसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Raebareli

Published :  27 June 2026, 1:36 PM IST

Advertisement