हिंदी
आग का गोला बनी स्कॉर्पियो (Img: Dynamite News)
Raenareli: रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि परिवार 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए यात्रा पर निकला था और उसी दौरान यह हादसा हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। बाकी चार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन की तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर कर दिया है। यात्रियों की सतर्कता और समय पर मिली मदद से बड़ा हादसा टल गया।
Location : Raebareli
Published : 23 May 2026, 11:16 AM IST
Topics : crime news raebareli news UP News UP Police