हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो: Pinterest)
Ballia: मनियर थाना क्षेत्र में एक किशोरी की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और शादी के लिए दबाव बनाने की वजह से किशोरी गहरे मानसिक तनाव में चली गई। परिजनों के मुताबिक लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी के डर से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां से वाराणसी रेफर करते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की मां की तहरीर के अनुसार, थाना क्षेत्र के पटखौली दक्षिण (तकिया) निवासी जाहिद और इस्माइल ने वीडियो कॉल के दौरान किशोरी पर आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो दिखाने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान उसकी रिकॉर्डिंग कर ली गई और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर शादी के लिए दबाव बनाया गया। परिजनों का आरोप है कि शादी से इनकार करने पर आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने और भविष्य में उसकी शादी नहीं होने देने की धमकी दी।
बलिया में घिरे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह : महिलाओं ने रोका काफिला, पूछा- वादा कब होगा पूरा?
तहरीर के मुताबिक, कथित तौर पर वीडियो वायरल होने और कुछ लोगों तक पहुंचने के बाद किशोरी गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में रहने लगी थी। परिवार का कहना है कि बदनामी के डर और लगातार मिल रही धमकियों से वह पूरी तरह टूट चुकी थी। इसी मानसिक स्थिति में उसने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल किशोरी को फंदे से उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि मामले के विवेचक एवं उपनिरीक्षक मोहम्मद इस्माइल शेख आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे थे। उनका आरोप है कि पूछताछ के लिए पुलिस टीम शनिवार को गांव पहुंची थी और उसी के बाद किशोरी ने आत्महत्या का प्रयास किया।
थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं, क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र ने कहा कि मामले में पहले से मुकदमा दर्ज था। उन्होंने बताया कि आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद किशोरी ने आत्महत्या का प्रयास किया और वाराणसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Ballia
Published : 1 August 2026, 8:26 PM IST