एक साल से पुलिस को दे रहा था चकमा…1 लाख का इनामी गैंगस्टर आखिर STF के जाल में फंसा, प्रयागराज में ऐसे हुई गिरफ्तारी

प्रयागराज में पिछले एक साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे को STF ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके बेला कछार में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी की।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 August 2026, 4:45 PM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज में पुलिस और STF ने पिछले करीब एक साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे को स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बेला कछार इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा गया।

क्या है आरोपी युवक की पहचान?

सुनील कुमार भारतीया फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपुरा गांव का रहने वाला बताया गया है। उसका मूल पता मऊआइमा थाना क्षेत्र के बैहराना खानपुर का है। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी कई जानकारी सामने आई।

बेला कछार में छिपे होने की मिली थी खबर

एसटीएफ की टीम इन दिनों वांछित और इनामी अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक लाख रुपये का इनामी गैंगस्टर सुनील कुमार भारतीया बेला कछार के आसपास छिपा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम तैयार की। उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मो. हबीब अहमद सिद्दीकी समेत पुलिसकर्मियों की टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू की। काफी सावधानी के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, सुनील फाफामऊ थाने से वांछित चल रहा था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।

ये भी पढ़ें- अब नहीं चलेगी मनमानी! राम मंदिर ट्रस्ट में लागू हुआ डिजिटल सिस्टम, हर भुगतान का बनेगा रिकॉर्ड

चोरी और लूट के मामलों में नाम आया

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2019 से अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। इन घटनाओं को लेकर जीआरपी और फाफामऊ थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।एसटीएफ के अनुसार, सुनील पहले भी जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसके खिलाफ आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज होते रहे। वर्ष 2025 में फाफामऊ थाने में उसके और उसके साथी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसी मामले में वह पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

10 मुकदमों का जिक्र

एसटीएफ इंस्पेक्टर जेपी राय के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले एक साल के दौरान वह कहां-कहां रहा और क्या इस दौरान भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल था।

ये भी पढ़ें- बस्ती में भाजपा के नामित सभासद 10 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार, महाकाल रेस्टोरेंट से चल रहा था अवैध धंधा

लंबे समय से तलाश कर रही थी STF

इनामी गैंगस्टर की गिरफ्तारी को एसटीएफ की कार्रवाई की बड़ी सफलता माना जा रहा है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तक पहुंचने के लिए टीम लगातार इनपुट जुटा रही थी। बेला कछार में उसके छिपे होने की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके नेटवर्क और पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।

Location :  Prayagraj

Published :  9 August 2026, 4:45 PM IST

Advertisement