हिंदी
अधिकारियों की मौजूदगी में तोड़ा गया दरवाजा (img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। जिस नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी का रंग अभी पूरी तरह फीका भी नहीं पड़ा था, उसकी मौत की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया। शादी के महज डेढ़ माह बाद 21 वर्षीय रेशमी यादव अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।
पूरा मामला नौतनवा थाना क्षेत्र के खैराटी गांव का है। सोमवार को गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब 21 वर्षीय नवविवाहिता रेशमी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि रेशमी अपने कमरे में थी, जबकि उसके सास-ससुर खेत में काम करने गए हुए थे। जब दोनों वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वालों ने लोगों को सूचना दी।
रेशमी यादव सोनौली थाना क्षेत्र के अरघा गांव निवासी राजकिशोर यादव की बेटी थी। उसकी शादी बीते 8 मई को खैराटी निवासी दशरथ यादव के साथ हुई थी। शादी को अभी सिर्फ डेढ़ माह ही बीता था। परिवार में नई जिंदगी की शुरुआत की खुशियां थीं, लेकिन अचानक आई मौत की खबर ने सब कुछ बदल दिया। रेशमी का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहता है। घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं था।
कागजों का मायाजाल: महराजगंज में नेपाल के वोटर आईडी पर वेतन उठा रहे शिक्षक पर जानें क्या हुई कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव और थाना प्रभारी अभिषेक सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। रेशमी छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही मायके सोनौली थाना क्षेत्र के अरघा गांव में मातम छा गया। पिता राजकिशोर यादव और परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। डेढ़ माह पहले जिस बेटी को धूमधाम से विदा किया था, उसकी इस तरह मौत ने परिवार को तोड़ दिया है। परिजनों के मन में कई सवाल हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि रेशमी को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा।
मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
इस मामले में सीओ नौतनवा बसंत सिंह ने बताया कि मायके वालों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 23 June 2026, 2:17 PM IST